भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई के छावनी थाना क्षेत्र के कैंप 2 स्थित पुराने मछली मार्केट से बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है|जहाँ घरेलु कलह की वजह से एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका के परिवार वालों ने शव का तीन दिन तक पोस्टमार्टम नहीं होने दिया। गुरुवार को वे भिलाई पहुंचे, जिसके बाद पोस्टमार्टम किया गया। मृतका की मां ने दावा किया कि उसकी बेटी ने खुदकुशी नहीं की, बल्कि उसकी हत्या की गई है।
घरेलू कलह के चलते महिला ने लगाई फांसी
घटना 17 मार्च की रात की है। मृतका किरण की शादी 2016 में अविनाश से हुई थी, जो कैंप 2 के पुराने मछली मार्केट का निवासी है। शुरुआती सात वर्षों तक दोनों के संबंध सामान्य थे और उनके चार बच्चे भी हुए। लेकिन पिछले एक साल से दोनों के बीच विवाद बढ़ने लगे थे।
पति के नशे की लत से थी परेशान
मृतका की मां ने बताया कि उसका दामाद अविनाश शराब पीने का आदी था। वह रोजाना शराब पीकर घर आता और किरण के साथ मारपीट करता था। इतना ही नहीं, वह उसे फोन पर माता-पिता से बात तक नहीं करने देता था। मोबाइल छीनकर रख लेता और उसका रिचार्ज भी नहीं करवाता था। इन सब परेशानियों से तंग आकर किरण ने 17 मार्च की रात घर में फांसी लगा ली।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही छावनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सुपेला के लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल भेज दिया। गुरुवार को पोस्टमार्टम होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पहले भी हो चुकी थी मारपीट
मृतका की मां ने बताया कि करीब छह महीने पहले भी अविनाश ने किरण के साथ बुरी तरह मारपीट की थी। शराब के नशे में उसने किरण को बाल पकड़कर घसीटा और इतना पीटा कि उसके कपड़े तक फट गए थे। किरण ने किसी तरह हिम्मत जुटाकर पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन मामला शांत हो गया था।
पति का बयान
अविनाश ने अपने बयान में कहा कि घटना वाली शाम जब वह घर पहुंचा तो किरण ने खाना नहीं बनाया था। पूछने पर उसने बताया कि घर में खाने का सामान नहीं था। इस पर अविनाश ने उसे 400 रुपये दिए और सामान लाने को कहा। इसके बाद वह चोहारे की ओर चला गया।
रात में घर लौटने पर परिवार के सभी लोगों ने साथ में खाना खाया। फिर किरण ने मोबाइल रिचार्ज करवाने के लिए कहा। जब अविनाश मोबाइल रिचार्ज करवाकर लौटा, तो किरण ने उससे झगड़ना शुरू कर दिया और नोचने लगी। इस दौरान अविनाश ने खुद को छुड़ाया और बाहर जाकर बैठ गया। कुछ देर बाद किरण ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और फांसी लगा ली।
अविनाश ने बताया कि यह पूरी घटना उसकी बेटी आरज्ञा ने अपनी आंखों से देखी, क्योंकि वह उस वक्त घर के अंदर मौजूद थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi

