यातायात सुधार की पहल: ई-रिक्शा और ऑटो के नियमन पर परिवहन विभाग की अहम बैठक, परिवहन विभाग को सुझाव को आप भी दे सकते है सुझाव...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : रायपुर। यातायात संबंधी समस्याओं और उनके समाधान को लेकर परिवहन सचिव सह आयुक्त एस. प्रकाश की अध्यक्षता में मंत्रालय में एक वर्चुअल बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, अंबिकापुर और जगदलपुर के जिला प्रशासन के अधिकारी शामिल हुए। बैठक में अपर परिवहन आयुक्त डी. रविशंकर भी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान ई-रिक्शा और ऑटो की बढ़ती संख्या को देखते हुए सुचारु और व्यवस्थित यातायात सुनिश्चित करने के उपायों पर विचार-विमर्श किया गया। आंकड़ों के अनुसार, जिलेवार पंजीकृत ई-रिक्शा (माल और यात्री वाहन) की संख्या रायपुर में 13,374, बिलासपुर में 4,493, दुर्ग में 4,038, अंबिकापुर में 1,311 और जगदलपुर में 41 है। वहीं, ऑटो (माल और यात्री वाहन) की पंजीकृत संख्या रायपुर में 20,306, बिलासपुर में 14,867, दुर्ग में 9,602, अंबिकापुर में 4,429 और जगदलपुर में 3,431 है। इन वाहनों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे यातायात प्रबंधन में चुनौतियां उत्पन्न हो रही हैं। बिना उचित मॉनिटरिंग और रेगुलेशन के इन्हें नियंत्रित करना एक महत्वपूर्ण मुद्दा बना हुआ है।

रायपुर जिला प्रशासन ने इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए शहर के यातायात को सुव्यवस्थित करने के लिए जोनवार योजना बनाई है। बैठक में इस योजना पर विस्तृत चर्चा की गई, जिसमें रायपुर शहर को पांच प्रमुख जोनों में विभाजित किया गया है, ताकि ई-रिक्शा और ऑटो के संचालन को सुगम बनाया जा सके।

साथ ही, बैठक में ई-रिक्शा के लिए केंद्र और राज्य सरकार द्वारा लागू अधिनियमों और नियमों की विस्तार से समीक्षा की गई। राज्य सरकार और जिला प्रशासन के पास उपलब्ध अधिकारों पर भी चर्चा हुई। उपस्थित अधिकारियों ने अपने-अपने जिलों में ई-रिक्शा और ऑटो से उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों और समस्याओं के बारे में जानकारी साझा की।

बैठक में यह निर्णय लिया गया कि ई-रिक्शा और ऑटो पंजीकरण की लगातार बढ़ती संख्या से उत्पन्न समस्याओं के समाधान हेतु सुझाव आमंत्रित किए जाएं। किसी भी प्रकार के प्रस्ताव या सुझाव जिला सड़क सुरक्षा समिति अथवा जिला प्रशासन के माध्यम से राज्य सड़क सुरक्षा समिति या परिवहन विभाग को भेजने के लिए कहा गया।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi