छह महीने के मासूम पर अदृश्य साये का प्रभाव होने की बात बोलकर तंत्र-मंत्र के नाम पर झुलसाया, चली गई दोनों आंखों की रोशनी....

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : (मप्र) शिवपुरी। कोलारस थाना क्षेत्र के ग्राम रामनगर में गुरुवार को एक स्वयंभू तांत्रिक द्वारा छह महीने के मासूम बच्चे को आग से झुलसाने की भयावह घटना सामने आई है। तंत्र-मंत्र के नाम पर किए गए इस अमानवीय कृत्य में मासूम का गाल और होंठ बुरी तरह झुलस गए, साथ ही उसकी दोनों आंखों की रोशनी पूरी तरह खत्म हो गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम खैरोना की निवासी राजवती पत्नी आदेश धाकड़ अपने छह माह के बच्चे के साथ होली के अवसर पर अपने मायके, ग्राम दीघौदी (कोलारस), गई थी। वहां जब बच्चे की तबीयत थोड़ी खराब हुई, तो वह अपने भाई इंदर और अन्य परिजनों के साथ ग्राम रामनगर पड़ोरा में एक कथित तांत्रिक के पास पहुंची।

तांत्रिक ने बच्चे पर किसी अदृश्य साये का प्रभाव होने की बात कहकर परिवार को भयभीत कर दिया और आश्वासन दिया कि वह धूनी देकर इस साये को हटा देगा। इसी बहाने उसने बच्चे को आग के संपर्क में लाकर झुलसा दिया। इस क्रूरता के कारण न केवल मासूम का चेहरा बुरी तरह जल गया, बल्कि उसकी आंखों के कॉर्निया भी इस हद तक क्षतिग्रस्त हो गए कि वह अब देख पाने में असमर्थ हो गया है।

घटना के बाद बच्चे की स्थिति बेहद गंभीर हो गई। वह किसी भी प्रकार की हरकत करने में असमर्थ हो गया। जब गुरुवार देर शाम बच्चे की मां और मामा उसे इलाज के लिए डॉ. गिरीश चतुर्वेदी के पास लेकर पहुंचे, तो डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल उसे जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती करवा दिया।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi