भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई। छावनी चौक के पास सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जहां नशे में धुत लोगों ने बुलेरो से एक अधेड़ व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन तीन बार पलट गया। इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल अधेड़ व्यक्ति ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। बुलेरो में कुल चार लोग सवार थे, जिनमें से एक ने उतई के पास लिफ्ट ली थी। लिफ्ट लेने वाला व्यक्ति भी बुरी तरह घायल हुआ, जबकि बाकी तीन लोग घटनास्थल से फरार हो गए। यह हादसा जामुल थाना क्षेत्र में हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान कैंप-2 निवासी संजय (50) के रूप में हुई है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि संजय पेशे से ड्राइवर था और प्रतिदिन छावनी चौक से काम पर जाया करता था। सोमवार सुबह 8 बजे भी वह अपने घर से निकला और जब वह करुणा अस्पताल के पास पहुंचा, तभी पीछे से तेज रफ्तार बुलेरो ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन हवा में तीन बार पलटते हुए सड़क पर आ गिरा। इस वाहन में चार लोग सवार थे, जिनमें से तीन मौके से भाग निकले, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया।
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। गंभीर रूप से घायल संजय और बुलेरो में सवार घायल व्यक्ति को पहले एसएस अस्पताल ले जाया गया, फिर वहां से सुपेला स्थित शास्त्री अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों ने अस्पताल पहुंचते ही संजय को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल शख्स ने बताया कि उसने उतई से लिफ्ट ली थी और छावनी चौक जाना था। उसने यह भी बताया कि बुलेरो में सवार तीनों युवक नशे की हालत में थे और अत्यधिक तेज गति से वाहन चला रहे थे। फिलहाल, जामुल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi

