भिलाई में केमिकल्स कंपनी में लाखों के घोटाले का पर्दाफाश: कंपनी कर्मचारी गिरफ्तार, दो फरार आरोपियों की तलाश जारी...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई। थाना पुरानी भिलाई तीन पुलिस ने श्री श्याम केमिकल्स कंपनी, हथखोज में कार्यरत एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर कंपनी के लाखों रुपए का गबन कर धोखाधड़ी की थी। घटना के बाद से ही आरोपी फरार था। पुलिस की साइबर टीम की सहायता से मुख्य आरोपी को नागपुर से पकड़ा गया, जबकि अन्य दो आरोपियों की तलाश अभी जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्री श्याम केमिकल्स के प्रोपराइटर कमल कुमार ने थाने में एक लिखित शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में बताया गया कि कंपनी में मार्केटिंग और रिकवरी मैनेजर के रूप में कार्यरत रविंद्र सिंह ने सुरदर्शन मेटालिक्स कंपनी सिलतरा को डिहाईड्रेड कोलटार बेचने के बाद प्राप्त 6,57,914 रुपये और निजी लेन-देन के तहत मिली राशि को कंपनी के मालिक को न सौंपते हुए गबन कर लिया। 

आरोपी ने अपने साथी गितेश गिल को सुरदर्शन मेटालिक्स कंपनी का फर्जी मालिक और नवीन शर्मा को आरसी एल्यूमिनियम कंपनी का मालिक बताकर धोखाधड़ी की।

शिकायत की जांच के बाद आरोपियों के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 408, 420 और 34 के तहत मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई। नगर पुलिस अधीक्षक छावनी हरिश पाटिल (रा.पु.से.) के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक महेश कुमार ध्रुव के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए साइबर सेल की मदद ली गई और अंततः रविंद्र सिंह को नागपुर से गिरफ्तार कर भिलाई लाया गया।

 पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वह कंपनी में मार्केटिंग और रिकवरी मैनेजर के रूप में कार्यरत था। उसने अपने भाई गितेश गिल और मित्र नवीन शर्मा के साथ मिलकर फर्जी मालिकों के नाम पर धोखाधड़ी की और 6,57,914 रुपये समेत अन्य राशि का गबन किया।

आरोपी ने बताया कि गबन किए गए पैसे से उसने कर्ज चुकाने, चाचा के इलाज और परिवार की जरूरतों पर खर्च किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक योगेश्वर वर्मा, प्रधान आरक्षक मनीष थापा (थाना जामुल), आरक्षक अरविंद मेढ़े और साइबर सेल के प्रधान आरक्षक बंजीर शामिल रहे।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi