शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले हो जाये सावधान ! दुर्ग-भिलाई में यातायात पुलिस का 'ऑपरेशन-सुरक्षा' अभियान: शराबी चालकों और नियम उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई....

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई। दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में यातायात पुलिस अब सख्त रवैया अपनाने जा रही है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों, खासकर शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालकों और माल वाहक वाहनों में सवारी ढोने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए पुलिस द्वारा "ऑपरेशन-सुरक्षा" अभियान शुरू करने का निर्णय लिया गया है।

इस अभियान के तहत प्रत्येक दिन विभिन्न जोन में स्थायी चेकिंग प्वाइंट बनाए जाएंगे, जहां पुलिस विशेष रूप से शराब पीकर वाहन चलाने वालों की जांच करेगी। इसके अलावा, नियम तोड़ने वालों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। रविवार को एएसपी (यातायात) ऋचा मिश्रा ने विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश जारी किए।

सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सभी यातायात जोन प्रभारियों और टैगो मोबाइल टीम को सख्त निर्देश दिए गए हैं। "ऑपरेशन-सुरक्षा" के तहत शराब पीकर वाहन चलाने, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने और मालवाहक वाहनों में सवारी बैठाने जैसे नियम उल्लंघन करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

यातायात पुलिस द्वारा छह स्थायी वाहन चेकिंग प्वाइंट स्थापित किए जाएंगे, जहां ब्रेथ एनालाइजर मशीन की सहायता से वाहन चालकों की जांच की जाएगी। यदि कोई चालक नशे में पाया जाता है, तो उसका वाहन जब्त कर उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। साथ ही, उसके ड्राइविंग लाइसेंस को निलंबन के लिए परिवहन विभाग को भेजा जाएगा।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi