भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई में एक दर्दनाक सड़क हादसे में झारखंड के विधायक के दामाद धर्मेंद्र सिंह का निधन हो गया। घटना के बाद जामुल पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल पहुंचाया, जहां देर रात पुलिस अधिकारियों की निगरानी में शव का पोस्टमॉर्टम किया गया। इसके तुरंत बाद शव को बिहार रवाना कर दिया गया।
मिडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, धर्मेंद्र सिंह बिहार के औरंगाबाद जिले के चटेवा गांव के निवासी थे और भिलाई की एक फैक्ट्री में कार्यरत थे। हालांकि, वे झारखंड के किस विधानसभा क्षेत्र के विधायक के दामाद थे, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी। दिलचस्प बात यह रही कि पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया विशेष प्रोटोकॉल के तहत रातों-रात पूरी की गई।
मामले से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक, राज्य के एक मंत्री ने कलेक्टर अभिजीत सिंह को फोन किया था। इसके बाद कलेक्टर ने दुर्ग एसपी जितेंद्र शुक्ला और सीएमएचओ दुर्ग को इस बारे में सूचित किया। एसपी के निर्देशानुसार एएसपी सिटी सुखनंदन राठौर, सीएसपी और जामुल थाना प्रभारी रात 10 बजे सुपेला अस्पताल पहुंचे। इस दौरान सीएमएचओ डॉ. मनोज दानी भी वहां मौजूद रहे। विशेष प्रोटोकॉल के तहत धर्मेंद्र सिंह का पोस्टमॉर्टम किया गया।
पोस्टमॉर्टम के तुरंत बाद शव को उनकी पत्नी और बच्चों के साथ रात में ही एंबुलेंस के जरिए बिहार भेज दिया गया। शव की सुरक्षित ढुलाई के लिए विशेष ताबूत और बर्फ की उचित व्यवस्था की गई थी, ताकि लंबे सफर के दौरान कोई नुकसान न हो।
हादसे के पीछे का कारण सामने आया
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के अनुसार, हादसे के समय धर्मेंद्र सिंह नशे में थे। होली के दिन उन्होंने अत्यधिक मात्रा में शराब का सेवन किया था और नशे की हालत में तेज गति से बाइक चला रहे थे। जब वे फौजी नगर हाउसिंग बोर्ड के पास पहुंचे, तो एसबीआई बैंक के समीप उनकी बाइक बिजली के पोल से जा टकराई। इस टक्कर में उनके सिर में गंभीर चोट लगी और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi

