भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : दुर्ग , शहर में जल संरक्षण को मजबूती देने और शिवनाथ नदी के सरंक्षण हेतु विधायक गजेंद्र यादव के प्रयासों से विष्णुदेव साय सरकार ने अपने दूसरे बजट में करोड़ों रुपए की राशि को मंजूरी दी है।
इस योजना के तहत शिवनाथ नदी में तट सुरक्षा और बाढ़ नियंत्रण कार्य के लिए 45 लाख रुपए, दुर्ग जिले में स्थित शिवनाथ मंडल कार्यालय के नवीनीकरण व पुनर्निर्माण हेतु 40 लाख रुपए, मोहंदी जलाशय के जीर्णोद्धार एवं नहरों की लाइनिंग के लिए 40 लाख रुपए, औद्योगिक उपयोग के लिए नगपुरा बैराज के निर्माण के लिए 40 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं।
इसके अतिरिक्त, शिवनाथ नदी में उदवहन सिंचाई योजना के लिए 80 लाख रुपए, शिवनाथ मंडल के अधीन निर्मित एनीकट और जलद्वारों के सुधार कार्य के लिए 50 लाख रुपए, उरला बेलौदी एनीकट की मरम्मत और अपस्ट्रीम-डाउनस्ट्रीम कटाव नियंत्रण के लिए 50 लाख रुपए, तथा शिवनाथ नदी के तट पर सस्पेंशन ब्रिज के निर्माण के लिए 25 लाख रुपए की राशि स्वीकृत हुई है। मरोदा बी एवं सी जलाशय के पुनर्निर्माण, चैनल निर्माण एवं कंडयुक्ट चैनल के जीर्णोद्धार के लिए भी वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
इन सभी योजनाओं को मूर्त रूप देने हेतु विधायक गजेंद्र यादव ने जल संसाधन मंत्री केदार कश्यप से मुलाकात कर दुर्गवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास भारतीय जनता पार्टी पर बना हुआ है, जिससे ये विकास कार्य संभव हो रहे हैं।
महमरा एनीकट पर बनने वाला सस्पेंशन ब्रिज दुर्ग की जनता के लिए एक आकर्षक पर्यटन स्थल बनेगा, जिससे स्थानीय निवासियों के साथ-साथ पर्यटकों की संख्या भी बढ़ेगी। वर्षों पुराने नहर लाइनिंग के रखरखाव में कमी के कारण किसानों को सिंचाई संबंधी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था, जिसे इस योजना के तहत दूर किया जाएगा। इसके अलावा, विभिन्न स्थानों पर एनीकट और जलद्वारों की मरम्मत की मांग को भी इस बजट में शामिल किया गया है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi

