भिलाई : तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत: ईलाज के लिए भटकना पड़ा एक जगह से दूसरी जगह , ईलाज दौरान हुई मौत , माता -पिता का इकलौता सहारा छीना...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई के जामुल थाना क्षेत्र के फौजी नगर में एक तेज रफ्तार कार चालक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। यह हादसा इतना भीषण था कि घायल को एक अस्पताल ने भर्ती करने से इनकार कर दिया। इसके बाद उसे दूसरे अस्पताल में ले जाया गया, लेकिन पुलिस को कोई सूचना नहीं दी गई। जब घायल युवक की मौत हो गई, तब पुलिस को इस घटना की जानकारी मेमो रिपोर्ट के जरिए दो दिन बाद मिली।
जामुल पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान फौजी नगर निवासी राकेश सिंह (36) पिता श्रीनारायण सिंह के रूप में हुई है। 6 मार्च की दोपहर राकेश अपने दोस्त के साथ बाइक पर घर जाने के लिए निकला था। जैसे ही उसने अनंत फर्नीचर दुकान के सामने बने डिवाइडर कट से घर की ओर मुड़ने की कोशिश की, तभी सामने से तेज गति में आ रही अर्टिगा कार (CG 07 CG 1978) ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।

हादसे के तुरंत बाद कार में बैठा युवक नीचे उतरा और घायलों को लेकर बीएम शाह हॉस्पिटल पहुंचा। वहां डॉक्टरों ने घायल की गंभीर हालत देखते हुए भर्ती करने से मना कर दिया। इसके बाद उसे श्रीशंकराचार्य मेडिकल अस्पताल ले जाया गया, जहां एक दिन इलाज के बाद 7 मार्च की सुबह 7:10 बजे राकेश को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, बाइक पर सवार दूसरा व्यक्ति मामूली रूप से घायल हुआ।

8 मार्च की दोपहर लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल सुपेला स्थित मरचुरी में शव का पोस्टमार्टम किया गया और बाद में परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों ने कार चालक पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसके चलते पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

इस घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कार सवार युवक स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। पुलिस का कहना है कि पूरी जांच के बाद जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मृतक राकेश सिंह दो भाइयों में बड़ा था, लेकिन दो साल पहले उसके छोटे भाई की भी सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। अब इस हादसे में राकेश की भी जान चली गई, जिससे उसके माता-पिता का एकमात्र सहारा छिन गया।