CG : शादी के महज 15 दिन बाद पति को छोड़कर प्रेमी के साथ रह रही युवती की प्रेमी ने की निर्मम हत्या फिर जलाया शव...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ :छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में हाल ही में राम टोक पहाड़ पर मिली अधजली लाश की गुत्थी सुलझने के बाद एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जांच में पता चला कि शिक्षक मिलन दास ने अपनी शिष्या शशि कला से अवैध संबंध बनाए थे और फिर उसकी शादी करवाई थी। लेकिन शादी के कुछ दिन बाद ही शशि कला अपने ससुराल को छोड़कर वापस आ गई और मिलन दास के साथ रहने लगी।

इसके बाद दोनों के बीच अक्सर विवाद होने लगे। बढ़ते तनाव के चलते शिक्षक ने गुस्से में आकर उसकी हत्या कर दी और शव को जंगल में जलाने की कोशिश की। हालांकि, अपराध ज्यादा दिनों तक छिपा नहीं रह सका और पुलिस ने इस मामले का पर्दाफाश कर दिया।  

तीन दिन पहले मिली थी अधजली लाश

घटना की जानकारी के अनुसार, पाली थाना क्षेत्र के रावा गांव के पास स्थित राम टोक पहाड़ पर तीन दिन पहले एक महिला की अधजली लाश बरामद की गई थी। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस को जैसे ही मामले की सूचना मिली, टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। जांच के दौरान मृतका की पहचान ग्राम लाद निवासी 28 वर्षीय शशि कला के रूप में हुई।

शादी के कुछ दिन बाद वापस लौटी, फिर हुआ विवाद

पुलिस जांच में यह तथ्य सामने आया कि शिक्षक मिलन दास न सिर्फ शशि कला का गुरु था बल्कि उसने उसकी शादी कराने में भी अहम भूमिका निभाई थी। लेकिन विवाह के महज 15 दिन बाद ही शशि कला ससुराल छोड़कर अपने मायके जाने के बजाय मिलन दास के पास कटघोरा पहुंच गई और वहां किराए के मकान में रहने लगी। दोनों के बीच पहले से ही अवैध संबंध थे, जिससे अक्सर उनके बीच झगड़े होते थे।

झगड़े के बाद बेरहमी से हत्या, जंगल में जलाया शव

27 फरवरी को दोनों के बीच फिर से बहस हुई, जिसके दौरान मिलन दास ने शशि कला की बुरी तरह पिटाई कर दी। इस पिटाई से उसकी मौत हो गई। अपराध छिपाने के लिए शिक्षक ने अपने ड्राइवर की मदद ली और शव को कार में रखकर रावा गांव के पास राम टोक पहाड़ पर ले गया।

 वहां उसने शव को आग के हवाले कर दिया। पुलिस ने जब मामले की गहन जांच की तो संदेह की सुई मिलन दास पर आ टिकी। जब उससे सख्ती से पूछताछ की गई, तो उसने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने शिक्षक और उसके ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

परिजनों ने शव लेने से किया इनकार

इस घटना के बाद मृतका के परिवार वालों ने शव लेने से इनकार कर दिया। जानकारी के अनुसार, शशि कला को समाज पहले ही बहिष्कृत कर चुका था, जिससे अब पुलिस के लिए शव का अंतिम संस्कार कराना एक बड़ी चुनौती बन गया है।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi