भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : (छग) रायगढ़। लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बनेकेला में हुई निर्मम हत्या का पुलिस ने शीघ्र ही खुलासा कर दिया है। 40 वर्षीय फागुलाल राठिया की हत्या के मामले में पति-पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। युवक के नशे में अश्लील हरकत करने के बाद दंपति ने मिलकर इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया।
गांव में मचा हड़कंप, पुलिस ने तत्परता से की जांच
रविवार सुबह ग्राम बनेकेला में एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। जांच के दौरान मृतक की पहचान फागुलाल राठिया (40) के रूप में हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी दिव्यांग पटेल के निर्देशन में एडिशनल एसपी आकाश मरकाम और एसडीओपी सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राजेश जांगड़े के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की।
हत्या की जांच में मिले अहम सुराग
घटनास्थल के पास मृतक की साइकिल और कुछ दूरी पर टूटी हुई कांच की चूड़ियां मिलीं, जो जांच की दिशा निर्धारित करने में महत्वपूर्ण साबित हुईं। गांव के कार्तिक राम राठिया ने पुलिस को बताया कि बीती रात सार्वजनिक दुर्गा मंदिर में चैत्र नवरात्रि पर्व को लेकर एक बैठक हुई थी, जिसमें फागुलाल भी मौजूद था। बैठक के बाद उसे गांव के रोहित कोरवा के साथ देखा गया था।
इस सूचना के आधार पर पुलिस ने रोहित कोरवा को हिरासत में लिया और सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ में रोहित ने स्वीकार किया कि उसने अपनी पत्नी पंचमी कोरवा के साथ मिलकर फागुलाल की हत्या की थी।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
19 वर्षीय रोहित कोरवा और उसकी 37 वर्षीय पत्नी पंचमी कोरवा ने बताया कि घटना की रात फागुलाल उनके घर आया था। खाना खाने के बाद उसने नशे में अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया और झगड़ने लगा। जब उसे समझाने की कोशिश की गई, तो वह नहीं माना। इससे नाराज होकर दंपति उसे खींचकर भेड़ीमुडा मार्ग की ओर ले गए। वहां दोनों ने उसकी पिटाई की और फिर एक भारी पत्थर से उसके सिर, चेहरे और शरीर पर वार कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने जुटाए अहम सबूत
आरोपियों के बयान के आधार पर हत्या में इस्तेमाल किया गया पत्थर, खून से सने कपड़े और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए गए। दोनों के खिलाफ अपराध क्रमांक 65/2025 के तहत धारा 103(1), 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस जघन्य अपराध की गुत्थी सुलझाने में थाना प्रभारी राजेश जांगड़े, सहायक उपनिरीक्षक चंदन सिंह नेताम, प्रधान आरक्षक नंद कुमार पैंकरा, आरक्षक राजू तिग्गा, सुरेश मिंज और महिला ग्राम कोटवार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल ने इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के लिए पूरी टीम की सराहना की।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi

