CG क्राइम : 2 घंटे के लिए मांगी साइकिल फिर 1500 रूपये में बेच दिया , पता चलने पर आगबबूला हुए दो भाईयों ने युवक को बंधक बनाकर पीटा, फिर जला दिया शव...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : बिलासपुर, छत्तीसगढ़ में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक को साइकिल को लेकर पीट-पीटकर मार डाला गया और फिर साक्ष्य मिटाने के लिए उसका शव जला दिया गया। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है।

घटना बेलगहना चौकी क्षेत्र के सेमरी गांव की है। मृतक ने आरोपियों में से एक की साइकिल उधार लेकर उसे बेच दिया था, जिससे दोनों आरोपी भाई बेहद नाराज हो गए।

घटना की शुरुआत तब हुई जब जोबापारा सेमरी गांव निवासी बालकुंवर भैना ने 28 फरवरी को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि उनका बेटा मिलाप सिंह भैना 22 फरवरी की रात से लापता है। उन्होंने बताया कि सतबीर यादव नामक युवक उसे अपने साथ ले गया था।

जांच के दौरान, पुलिस ने सतबीर यादव और उसके भाई देवनाथ यादव को हिरासत में लिया, लेकिन पहले वे जांच को भटकाने की कोशिश करते रहे। हालांकि, जब पुलिस ने ग्रामीणों से पूछताछ की और घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया, तो उन्हें ठोस सबूत मिले। इसके बाद जब दोनों आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया।

आरोपियों ने बताया कि मिलाप सिंह भैना ने 2 घंटे के लिए साइकिल मांगी थी, लेकिन बाद में उसने इसे केंदा गांव के केवल केंवट को 1500 रुपये में बेच दिया और पैसे खर्च कर दिए। इस पर गुस्साए सतबीर और देवनाथ ने 22 फरवरी की रात 10 बजे मिलाप को बुलाया और अपने घर ले गए। वहां उन्होंने पहले साइकिल के बारे में पूछताछ की और फिर उसके दोनों पैर बांधकर लकड़ी के डंडे से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी।

हत्या के बाद, दोनों भाइयों ने शव को ठिकाने लगाने के लिए अजगरमाडा जंगल के डेम के पास पोखर गड्ढे में लकड़ी और गोबर कंडे से आग लगाकर जला दिया।

पुलिस ने घटनास्थल से जली हुई राख, हड्डियों के अवशेष, एक जोड़ी चप्पल और एक गमछा बरामद किया। मृतक की मां ने चप्पल और गमछे को पहचान लिया।

फिलहाल, पुलिस ने सतबीर यादव और देवनाथ यादव के खिलाफ धारा 103(1), 238, 61, 3(5) BNS के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi