CG ब्रेकिंग : एनएच 353 पर भयावह हादसा: ट्रक-कार की टक्कर में 6 की मौत, बेमेतरा में नहर में गिरी कार से 3 बच्चों की दर्दनाक मृत्यु...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : (छग) महासमुंद , राष्ट्रीय राजमार्ग 353 पर बागबाहरा के नजदीक गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक कार और ट्रक की जबरदस्त टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में कार सवार 6 लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही खल्लारी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और क्रेन की मदद से शवों और घायलों को बाहर निकाला।  

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार (क्रमांक CG 04 QA 4757) रायपुर से बागबाहरा की ओर जा रही थी, जबकि ट्रक (क्रमांक HR 56 B 7341) बागबाहरा से महासमुंद की ओर बढ़ रहा था। दोनों वाहनों की आमने-सामने की टक्कर हो गई, जिससे बड़ा हादसा हो गया।  

मृतकों की पहचान राजस्व निरीक्षक ताहर सिंह ठाकुर (52), बिन्देश्वरी ठाकुर (48), वैभवी ठाकुर (19), तृप्ति ठाकुर (32), सरोजनी ठाकुर (37) और वाहन चालक सूरज कंसारी (30) के रूप में हुई है। बताया गया कि ताहर सिंह ठाकुर रायपुर में अपनी बेटी से मुलाकात कर बागबाहरा लौट रहे थे, तभी यह दुर्घटना घटी।  

घटना के बाद पुलिस ने सभी शवों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा भेज दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल ट्रक चालक को इलाज के लिए महासमुंद जिला अस्पताल रेफर किया गया। इस दर्दनाक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है।  

बेमेतरा में सड़क हादसे में 3 बच्चों की मौत, कार सूखी नहर में गिरी  

होली के उत्सव से पहले जिले में एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसने खुशियों को मातम में बदल दिया। एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई, जिससे तीन मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना नेशनल हाईवे-30 पर उमरिया गांव के पास घटी, जब कार में सवार 11 लोग मरका गांव में होली मनाने जा रहे थे।  

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन की गति अधिक होने के कारण चालक ने नियंत्रण खो दिया और कार सूखी नहर में जा गिरी। स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया।  

इस भयानक दुर्घटना में तीन बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाकी आठ लोग गंभीर रूप से घायल हैं। स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi