CG : विधानसभा में CGMSC घोटाले पर हंगामा: अजय चंद्राकर और मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के बीच तीखी बहस, प्रधानमंत्री आवास योजना और अन्य मुद्दों पर भी गरमाई चर्चा...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के नौवें दिन CGMSC में रिएजेंट खरीद में हुई गड़बड़ी को लेकर विधायक अजय चंद्राकर और मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के बीच तीखी बहस छिड़ गई। जब मंत्री जायसवाल ने चंद्राकर के सवालों का उत्तर देना शुरू किया, तो चंद्राकर ने बीच में ही रोकते हुए कहा कि "भाषण मत दीजिए, मेरे प्रश्नों का सीधा उत्तर दीजिए।"

मंत्री जायसवाल ने इस पर जवाब दिया कि गड़बड़ी का पता चलते ही इसकी जांच के लिए मामला EOW को सौंप दिया गया है, लेकिन किसी अधिकारी को फांसी पर तो नहीं लटकाया जा सकता। इस मुद्दे पर दोनों नेताओं के बीच करीब 10 मिनट तक तीखी बहस जारी रही।

इसके अलावा, प्रधानमंत्री आवास योजना भी सदन में चर्चा का केंद्र रही। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि सरकार द्वारा दिए गए जवाब से स्पष्ट है कि कांग्रेस सरकार के दौरान आवास निर्माण हुआ, लेकिन सत्ताधारी पक्ष इसे मानने को तैयार नहीं है। जब पंचायत मंत्री विजय शर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधा, तो विपक्षी विधायकों ने हंगामा खड़ा कर दिया। इस दौरान भूपेश बघेल और विजय शर्मा के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली।

विधानसभा में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल महत्वपूर्ण दस्तावेज सदन के पटल पर रखेंगे। इस दौरान कुल 56 ध्यानाकर्षण प्रस्तावों पर चर्चा होगी, साथ ही वित्तीय वर्ष 2025-26 की अनुदान मांगों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।

इसके अलावा, भाजपा विधायक अजय चंद्राकर दो प्रमुख अशासकीय संकल्प पेश करेंगे। पहला संकल्प दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों के लिए सीट बेल्ट को अनिवार्य करने से संबंधित होगा, जबकि दूसरा संकल्प प्रदेश में प्रवासी श्रमिकों के लिए विशेष नीति तैयार करने से जुड़ा होगा।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi