CG : अंधविश्वास या पारिवारिक रंजिश? चाचा ने तीन साल की मासूम भतीजी की बलि चढ़ाई, गांव में मचा हड़कंप....

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति ने अंधविश्वास के कारण अपनी ही मासूम भतीजी की निर्ममता से हत्या कर दी। यह घटना बागबहार थाना क्षेत्र के छातासराई गांव की है, जहां एक 35 वर्षीय व्यक्ति ने अपनी तीन साल की भतीजी की गला काटकर बलि चढ़ा दी और शव को जलाने का प्रयास किया। इस वीभत्स घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। साथ ही आरोपी चाचा को गिरफ्तार कर लिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी रामप्रसाद नाग की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और उसका अपने छोटे भाई राजाराम नाग से पारिवारिक विवाद चल रहा था। ग्रामीणों का मानना है कि किसी ने उसे अंधविश्वास के चक्कर में डालकर नरबलि देने के लिए उकसाया होगा, जिसके चलते उसने इस नृशंस अपराध को अंजाम दिया।

गांव में इस घटना के बाद भय और आक्रोश का माहौल है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह हत्या अंधविश्वास का नतीजा थी या पारिवारिक दुश्मनी का परिणाम।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi