भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : रायपुर ,छत्तीसगढ़ में साय मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाएं अब जोर पकड़ने लगी हैं। भारतीय जनता पार्टी के सोशल मीडिया ग्रुप्स में एक मैसेज तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि 10 अप्रैल को मंत्रिमंडल विस्तार का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। वायरल मैसेज में कहा गया है कि इस दिन तीन नए मंत्री शपथ ले सकते हैं। इसके साथ ही विधानसभा उपाध्यक्ष और एक दर्जन से अधिक संसदीय सचिवों को भी जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।
हाल ही में साय सरकार द्वारा निगम, मंडल, आयोग और बोर्डों में की गई नियुक्तियों के बाद यह स्पष्ट संकेत मिल चुका था कि आने वाले समय में बाकी नियुक्तियाँ भी शीघ्र पूरी की जाएंगी। अब राजधानी रायपुर में सियासी गतिविधियाँ तेज हो गई हैं। पार्टी के राष्ट्रीय सह-संगठन मंत्री शिव प्रकाश और प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन के 8 अप्रैल की शाम रायपुर पहुंचने की जानकारी सामने आई है।
वहीं, 9 अप्रैल को भाजपा के प्रदेश कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक निर्धारित की गई है। ऐसा अनुमान है कि इसी बैठक में मंत्रिमंडल विस्तार पर अंतिम सहमति बन सकती है और यदि आखिरी समय में कोई बड़ा बदलाव नहीं होता, तो 10 अप्रैल को शपथ ग्रहण समारोह संपन्न हो सकता है।
विज्ञापन
फिलहाल मुख्यमंत्री सहित राज्य सरकार में कुल 11 मंत्री हैं। बृजमोहन अग्रवाल के सांसद बनने के बाद से एक मंत्री पद रिक्त चल रहा है। साथ ही दो मंत्री पद पहले से ही खाली माने जा रहे थे। अब हरियाणा मॉडल लागू होने के बाद राज्य में एक अतिरिक्त मंत्री की अनुमति मिल जाएगी, जिससे मंत्रियों की कुल संख्या 14 हो सकती है। वायरल मैसेज में भी इस तथ्य की पुष्टि की गई है कि तीन नए चेहरों को मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी।
सोशल मीडिया पर चल रहे संदेशों में जिन नेताओं के नाम सामने आ रहे हैं, उनमें अमर अग्रवाल, गजेंद्र यादव और पुरंदर मिश्रा शामिल हैं। गजेंद्र यादव संघ से जुड़े हुए हैं और यादव समाज का प्रतिनिधित्व करते हैं। छत्तीसगढ़ में ओबीसी वर्ग में साहू समाज के बाद यादव समाज की संख्या सर्वाधिक मानी जाती है, इसलिए गजेंद्र यादव का मंत्री बनना लगभग तय माना जा रहा है।
वहीं अमर अग्रवाल को उनके रिजल्ट-ओरिएंटेड कार्यशैली के लिए जाना जाता है। पूर्ववर्ती रमन सिंह सरकार में उन्होंने आबकारी नीति में अहम बदलाव किए थे, जिससे शराब के ठेका सिस्टम को समाप्त कर राजस्व में ऐतिहासिक बढ़ोतरी दर्ज की गई थी। इसके अतिरिक्त, वे जीएसटी काउंसिल में सबसे लंबे समय तक सदस्य रहने वाले एकमात्र नेता रहे हैं। इसलिए उनके मंत्री पद की पुष्टि लगभग मानी जा रही है।
तीसरे संभावित मंत्री के नाम को लेकर संशय बना हुआ है। वायरल मैसेज में पुरंदर मिश्रा का नाम सामने आया है, लेकिन रायपुर पश्चिम से विधायक राजेश मूणत और कुरुद से अजय चंद्राकर भी इस दौड़ में शामिल बताए जा रहे हैं।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi


