भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : (छग) रायपुर , नवा रायपुर अटल नगर में शीघ्र ही राष्ट्रीय स्तर की एक उन्नत तीरंदाजी अकादमी का निर्माण किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी योजना को मूर्त रूप देने के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी के निर्देशन और आवास एवं पर्यावरण मंत्री श्री ओपी चौधरी के मार्गदर्शन में कार्यवाही शुरू हो चुकी है। नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण ने इस परियोजना के लिए लगभग 10.03 एकड़ जमीन का चयन कर लिया है।
यह भूमि ग्राम उपरवारा के अंतर्गत सेक्टर-33 में स्थित है और इसका कुल क्षेत्रफल 40,614.216 वर्गमीटर है। जानकारी के अनुसार, यह भूमि 90 वर्षों की लीज पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग को सौंपी जाएगी।
इस तीरंदाजी अकादमी की स्थापना में एनटीपीसी लिमिटेड (NTPC) अपने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत आर्थिक सहायता प्रदान करेगा। यहां आधुनिक सुविधाओं से युक्त आउटडोर और वातानुकूलित इनडोर तीरंदाजी रेंज, उच्च स्तरीय प्रशिक्षण केंद्र (हाई परफॉर्मेंस ट्रेनिंग सेंटर) तथा छात्रावास जैसी प्रमुख संरचनाएं प्रस्तावित हैं।
अकादमी की स्थापना से नवा रायपुर खेल जगत में एक नई पहचान स्थापित करेगा और यह केंद्र देशभर के उभरते तीरंदाजों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण प्रदान करने में सक्षम होगा। यह परियोजना न केवल खेलों के प्रसार को बढ़ावा देगी, बल्कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मंच के लिए तैयार करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi


