भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ में तेज गर्मी के बीच एक बार फिर मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। रायपुर समेत कई जिलों में शुक्रवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के दौरान कुछ स्थानों पर तेज हवाओं के साथ बारिश और गरज-चमक की चेतावनी जारी की है। शुक्रवार को रायपुर, दुर्ग, कोरबा, महासमुंद, बेमेतरा, जांजगीर, बलौदाबाजार, सरगुजा, जशपुर, सूरजपुर, कोंडागांव और बीजापुर जिलों में बूंदाबांदी के आसार हैं। गुरुवार को पेंड्रा, बलरामपुर और सरगुजा में बारिश के साथ ओले गिरे।
मौसम विभाग के वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) और ट्रफ लाइन सक्रिय है, जिससे प्रदेश में बारिश और आंधी की स्थितियां बन रही हैं। अगले पांच दिन प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है। बादल छाए रहने से दिन की गर्मी से कुछ हद तक राहत मिल सकती है। गुरुवार को राजनांदगांव का तापमान 42 डिग्री रहा, जो सबसे गर्म जिला रहा।
रायपुर में पारा 40 के पार
गुरुवार को रायपुर में दिन के समय तेज गर्मी का असर देखने को मिला, हालांकि शाम होते ही मौसम में बदलाव हुआ और रात को तेज हवाएं चलीं, जिससे मौसम सुहावना हो गया। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शुक्रवार को शहर में हल्के बादल और धूप-छांव वाला मौसम बना रहेगा।
विज्ञापन
गुरुवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक था। वहीं रात का न्यूनतम तापमान 22.3 डिग्री रहा। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री के आसपास रहने की संभावना जताई गई है।
बिलासपुर में भी बारिश की संभावना
गुरुवार को दिन में तीखी धूप से गर्मी का अहसास हुआ, लेकिन दोपहर बाद आसमान में बादल घिर आए और शाम को तेज हवाएं चलीं। रात होते-होते जिले के कई हिस्सों में हल्की बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली।
गुरुवार को बिलासपुर का अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि शुक्रवार को भी कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। अगले दो दिनों तक मौसम में राहत की उम्मीद है, हालांकि तापमान में खास बदलाव नहीं होगा।
सरगुजा संभाग में ओलावृष्टि के साथ बारिश
गुरुवार शाम को सरगुजा संभाग के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। बलरामपुर में कुछ स्थानों पर ओले गिरने की भी खबर है। मौसम विभाग ने बताया कि अगले तीन दिन तक यहां इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है। बारिश के कारण इस क्षेत्र में तापमान में गिरावट आई है और लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
गुरुवार को अंबिकापुर का अधिकतम तापमान 36.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री दर्ज किया गया।
अप्रैल के अंत में बढ़ेगी गर्मी
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अप्रैल का तीसरा और चौथा सप्ताह तेज गर्मी वाला रहेगा। इस दौरान लू चलने की भी संभावना है और तापमान सामान्य से 4 से 5 डिग्री अधिक हो सकता है। अनुमान है कि अधिकतम तापमान 43 से 44 डिग्री या उससे ऊपर तक पहुंच सकता है।
रात के समय भी गर्म हवाओं का प्रभाव महसूस होगा। रायपुर सहित अन्य जिलों में अप्रैल महीने के दौरान दिन और रात दोनों का तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi


