बड़ी खबर : जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमला: पर्यटक की हत्या, 12 घायल; धर्म पूछकर की गई फायरिंग, हमलावर फरार...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : जम्मू-कश्मीर के खूबसूरत पहलगाम क्षेत्र में मंगलवार को हुए आतंकवादी हमले ने इलाके की शांति को झकझोर कर रख दिया। इस हमले की जिम्मेदारी लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े आतंकी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) ने ली है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस बर्बर हमले में एक पर्यटक की मौत हो गई जबकि लगभग 12 से 13 लोग घायल हो गए। आतंकियों ने हमले से पहले लोगों से उनका नाम और धर्म पूछे, और उसके बाद फायरिंग शुरू कर दी, जिससे इस वारदात की गंभीरता और बढ़ गई है।

चश्मदीद महिला का भावुक बयान

इस दिल दहला देने वाली घटना की प्रत्यक्षदर्शी एक महिला पर्यटक ने बताया कि वह उस समय भेलपूरी खा रही थीं और उनका पति पास में ही खड़ा था। महिला के मुताबिक, एक आतंकी पास आया, उसने उनकी चूड़ियों को देखकर उनके पति से मजहब पूछा और फिर तुरंत गोली चला दी। पीसीआर कॉल के दौरान महिला ने रोते हुए बताया कि आतंकी 3 से 5 मिनट तक लगातार फायरिंग करते रहे और उसके बाद मौके से फरार हो गए। यह हमला पहलगाम के उस इलाके में हुआ, जहां आमतौर पर पर्यटक ट्रैकिंग और एडवेंचर गतिविधियों के लिए जाते हैं।

विज्ञापन 

सुरक्षा बलों की त्वरित प्रतिक्रिया

घटना के बाद भारतीय सेना की विक्टर फोर्स, विशेष बल, जम्मू-कश्मीर पुलिस की स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG), और सीआरपीएफ ने मिलकर इलाके में व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू किया है। पूरे क्षेत्र को घेर लिया गया है और आतंकियों की तलाश में कड़ी छानबीन की जा रही है। टीआरएफ ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है, जो पहले भी जम्मू-कश्मीर में कई आतंकी घटनाओं में संलिप्त रहा है।

विज्ञापन 


    अधिक जानकारी के लिए यहाँ क्लिक करे 

TRF: कौन है और कैसे करता है काम?

TRF यानी द रेजिस्टेंस फ्रंट, वर्ष 2019 में अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद अस्तित्व में आया एक आतंकी संगठन है। यह पाकिस्तान समर्थित आतंकवादी समूह लश्कर-ए-तैयबा का एक मुखौटा संगठन माना जाता है। TRF खासतौर पर आम नागरिकों, अल्पसंख्यक समुदायों—जैसे कश्मीरी पंडितों—सरकारी कर्मियों और पर्यटकों को निशाना बनाता रहा है। इसके अलावा यह सुरक्षा बलों पर भी हमले करता है। यह संगठन धार्मिक प्रतीकों से दूर रहने की कोशिश करता है ताकि खुद को धर्मनिरपेक्ष दिखा सके, लेकिन इसका उद्देश्य केवल और केवल कश्मीर में दहशत फैलाना है।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi