महादेव सट्टा ऐप पर छत्तीसगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: कोलकाता-गुवाहाटी से 14 सटोरिए गिरफ्तार, 500 बैंक खातों से करोड़ों का ट्रांजैक्शन...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ पुलिस ने पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता और असम के गुवाहाटी में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। इस ऑपरेशन में देश के छह अलग-अलग राज्यों से ताल्लुक रखने वाले कुल 14 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जो महादेव सट्टा ऐप के पैनल्स के ज़रिए IPL मैचों में सट्टेबाज़ी चला रहे थे। रायपुर की क्राइम ब्रांच ने आरोपियों के पास से लगभग 30 लाख रुपये की इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और अन्य सामान जब्त किया है। कार्रवाई को अंजाम देने के लिए पुलिसकर्मी किराएदार बनकर फ्लैट देखने के बहाने अंदर घुसे थे।

पंडरी ओवरब्रिज के नीचे से खुलासा, फिर बढ़ी कार्रवाई

रायपुर एसएसपी डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने जानकारी दी कि 13 अप्रैल को देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पंडरी ओवरब्रिज के नीचे से ऑनलाइन सट्टा चला रहे एक युवक को गिरफ्तार किया गया। आरोपी निखिल वाधवानी राजेंद्र नगर का निवासी है। जब पुलिस ने उससे गहराई से पूछताछ की, तो कई अहम जानकारियाँ सामने आईं, जिनके आधार पर टीमें कोलकाता और गुवाहाटी भेजी गईं।

इवेंट मैनेजमेंट के नाम पर फ्लैट किराए पर लेकर चल रहा था सट्टा

कोलकाता में पुलिस ने न्यू टाउन के राजघर क्षेत्र के पास स्थित एक अपार्टमेंट से 6 आरोपियों को और राजारहाट इलाके से 2 और आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं गुवाहाटी में छापेमारी कर 6 और सटोरियों को पकड़ा गया। आरोपियों ने फ्लैट को इवेंट मैनेजमेंट फर्म की आड़ में किराए पर लिया था और भीतर से महादेव ऐप के विभिन्न पैनल्स का संचालन कर रहे थे। पुलिसकर्मी खुद किराएदार बनकर फ्लैट में दाखिल हुए और सबूतों समेत आरोपियों को दबोच लिया।

इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स और सट्टा हिसाब जब्त

सभी गिरफ्तार लोगों के पास से 67 मोबाइल फोन, 8 लैपटॉप, 4 राउटर, 94 एटीएम कार्ड, 15 अलग-अलग कंपनियों के सिम कार्ड, 32 बैंक पासबुक, 3 चेकबुक, एक सिक्योरिटी कैमरा, 4 पावर एक्सटेंशन बोर्ड और तीन कॉपियों में दर्ज सट्टा का हिसाब बरामद किया गया है। जब्त सामान की कुल कीमत लगभग 30 लाख रुपये आँकी गई है।

500 बैंक खातों से करोड़ों की लेनदेन का खुलासा

सट्टेबाजी से जुड़े इन आरोपियों ने करीब 500 अलग-अलग बैंक खातों का इस्तेमाल पैसे के लेन-देन के लिए किया था। पुलिस इन खातों से संबंधित दस्तावेजी प्रमाण इकट्ठा कर जांच कर रही है। इसके साथ ही यह भी सामने आया है कि कुछ आरोपियों ने 25 लाख और 15 लाख रुपये में पैनल खरीदे थे।

IPL 2025 में अब तक 41 गिरफ्तारियां

रायपुर क्राइम ब्रांच ने IPL 2025 के मौजूदा सीजन में अब तक 17 मामलों में कुल 41 सटोरियों को गिरफ्तार किया है। ये सभी आरोपी Ganjanand app, Mr Bean, npro-in, DiamondÛch999-com, Wood777, ClassiceÛch-99-com, FunÛch app, VazirÛch-com, Unclebet9-com, Kingdombook9-com, Shubhlabh app, और Gold363 app जैसे प्लेटफॉर्म्स से ऑनलाइन सट्टा चला रहे थे। इनसे कुल 116 मोबाइल फोन, 9 लैपटॉप, 3.74 लाख रुपये की नकदी और कुछ वाहन बरामद किए गए हैं। जब्त कुल सामग्री की कीमत लगभग 72 लाख रुपये आंकी गई है।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi