भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक साधारण प्राइवेट कर्मचारी को आयकर विभाग ने पूरे 26 करोड़ रुपये का नोटिस थमा दिया है। नोटिस मिलते ही युवक के घर में हड़कंप मच गया और अब उसका परिवार परेशान होकर अधिकारियों के पास चक्कर काट रहा है।
जानिए क्या है पूरा मामला
शाहाबाद तहसील के पाली थाना क्षेत्र स्थित अतरजी गांव के रहने वाले राजेश कुमार को आयकर विभाग ने यह भारी-भरकम नोटिस भेजा है। नोटिस में बताया गया है कि राजेश के नाम से हरियाणा और महाराष्ट्र (पुणे) में दो कंपनियां संचालित हो रही हैं और उन पर करोड़ों का टैक्स बकाया है। यह खबर सुनते ही राजेश के पैरों तले जमीन खिसक गई और वह अपनी स्थिति साफ करने के लिए आयकर कार्यालय के चक्कर लगाने लगा।
राजेश वर्तमान में दिल्ली की एक मोबाइल कंपनी में काम करता है, जहां उसे सिर्फ 15 हजार रुपये मासिक वेतन मिलता है। इससे पहले भी वह दो अन्य निजी संस्थानों में काम कर चुका है। उसने बताया कि 2 अप्रैल को उसके गांव के पते पर एक नोटिस आया, जिसमें 25.97 करोड़ रुपये टैक्स बकाया बताया गया था। उस समय वह दिल्ली में था।
विज्ञापन
जब नोटिस गांव पहुंचा, तो परिजनों ने उसे अन्य ग्रामीणों को दिखाया और फिर इसका फोटो राजेश को व्हाट्सएप के जरिए भेजा। राजेश ने बताया कि यह नोटिस हरदोई आयकर कार्यालय से 18 मार्च को जारी किया गया था और 27 मार्च तक जवाब देने को कहा गया था। नोटिस मिलते ही वह 6 अप्रैल को गांव लौटा और हरदोई के आयकर अधिकारियों से मुलाकात कर अपना पक्ष रखा।
राजेश का कहना है कि उसने न तो कभी कोई कंपनी शुरू की है और न ही करोड़ों का कोई वित्तीय लेनदेन किया है। उसका आरोप है कि किसी ने उसके आधार कार्ड और अन्य दस्तावेजों का गलत इस्तेमाल कर फर्जी कंपनियां उसके नाम से खोली हैं। उसने अधिकारियों से मामले की गंभीरता से जांच करने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
राजेश का यह भी मानना है कि जब वह अलग-अलग कंपनियों में काम करता था, तब उसके दस्तावेज जमा कराए गए थे और वहीं से उसका डाटा लीक हुआ हो सकता है। फिलहाल आयकर विभाग पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है और राजेश को उम्मीद है कि जल्द ही उसे इस झूठे और भारी टैक्स दायित्व से राहत मिलेगी।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi


