भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद ज़िले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया, जब यूपी 112 कंट्रोल रूम को एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने कहा—"हेलो सर! एक महिला की हत्या कर उसके 15 टुकड़े कर दिए गए हैं और उन टुकड़ों को नीले रंग के ड्रम में बंद कर सीमेंट से सील कर दिया गया है।" यह सुनते ही पुलिस अधिकारियों के होश उड़ गए। जब उन्होंने कॉलर से आगे की जानकारी मांगी, तो उसने अचानक फोन काट दिया।
पुलिस ने बिना समय गंवाए उस मोबाइल नंबर की लोकेशन ट्रेस करना शुरू किया। जब वे उस पते पर पहुंचे जहां से कॉल किया गया था, तो जो सच्चाई सामने आई, उसने सभी को हैरान कर दिया। हालांकि, पुलिस अभी भी मामले की जांच कर रही है।
बच्ची ने कर दी थी यह हैरान करने वाली शरारत
जांच में पता चला कि कॉल करने वाला कोई अपराधी नहीं, बल्कि एक 10 साल की बच्ची थी। शुक्रवार दोपहर लगभग 3 बजे यूपी 112 को एक कॉल मिली जिसमें दावा किया गया कि फर्रुखाबाद के बलीपुर गांव में एक महिला की हत्या कर उसके 15 टुकड़े किए गए और फिर नीले ड्रम में डालकर सीमेंट से भर दिया गया है।
विज्ञापन
कॉल मिलते ही यूपी 112 की पीआरवी टीम 3496 बलीपुर गांव की ओर रवाना हो गई। पुलिस ने कॉलर से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन बंद हो चुका था।
मोबाइल नंबर की लोकेशन से पहुंची पुलिस
इसके बाद पुलिस ने फतेहगढ़ कोतवाली और कमालगंज थाने को सूचना दी। बलीपुर गांव कमालगंज थाना क्षेत्र में आता है, इसलिए इंस्पेक्टर राजीव कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। गांव में किसी भी तरह की हत्या की घटना नहीं पाई गई।
तब इंस्पेक्टर ने मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) निकलवाई और लोकेशन ट्रेस की गई। जांच में पता चला कि कॉल फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के याकूतगंज चौकी अंतर्गत गांव पकरा के निवासी उत्तम कुमार के नंबर से की गई थी। पुलिस लोकेशन के आधार पर शाम को उत्तम कुमार तक पहुंची और उन्हें थाने लाया गया।
यूट्यूब पर वीडियो देख बच्ची ने की थी झूठी सूचना
पूछताछ में युवक उत्तम कुमार ने बताया कि वह पंचायतीराज विभाग में सफाईकर्मी के पद पर कार्यरत है और इन दिनों खुदागंज गांव में उसकी ड्यूटी चल रही है। घटना के समय वह अपनी पत्नी नीतू के साथ याकूतगंज बाजार गया हुआ था, जबकि घर पर उसकी बेटी अकेली थी जो कक्षा पांच में पढ़ती है।
बच्ची ने घर में अकेले रहते हुए अपनी मां के मोबाइल से यूपी 112 को कॉल कर दी और झूठी कहानी गढ़ दी। जब उससे पूछा गया तो उसने बताया कि उसने यूट्यूब पर एक वीडियो देखा था जिसमें एक महिला की हत्या कर ड्रम में उसके टुकड़े भरने का सीन दिखाया गया था, उसी से प्रेरित होकर उसने पुलिस को फोन किया।
इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि कॉल वास्तव में बच्ची ने ही की थी या किसी और ने। इसके लिए यूपी 112 कॉल सेंटर से कॉल रिकॉर्डिंग भी निकलवाई जाएगी।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi


