भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : दुर्ग ट्रैफिक पुलिस ने एक युवक के खिलाफ जुर्माना लगाया है, जो सड़क पर स्पोर्ट्स बाइक को खतरनाक तरीके से ज़िगज़ैग चला रहा था। एक स्थानीय युवक ने इस स्टंटबाजी का वीडियो बनाकर दुर्ग एसपी को भेजा, जिसके आधार पर बाइक सवार की पहचान की गई और उस पर 2000 रुपये का चालान कर दिया गया।
एडिशनल एसपी ट्रैफिक ऋचा मिश्रा ने जानकारी दी कि दुर्ग एसपी जितेंद्र शुक्ला ने सड़क पर इस तरह के खतरनाक स्टंट और गैर-जिम्मेदार बाइकिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इन्हीं निर्देशों के तहत ऐसे मामलों पर लगातार कार्यवाही हो रही है।
14 अप्रैल को एक आम नागरिक ने ट्रैफिक पुलिस को एक वीडियो भेजा था, जिसमें एक बाइक सवार तेज गति से ज़िगज़ैग मूवमेंट करते हुए बाइक चला रहा था। यह वीडियो भिलाई के सेंट्रल एवेन्यू मार्ग का था, जो एक अत्यधिक व्यस्त रास्ता माना जाता है।
इस मार्ग पर उस युवक ने तेज रफ्तार में स्टंट करते हुए बाइक चलाई, जिससे खुद की और अन्य राहगीरों की जान खतरे में डाल दी। वीडियो सामने आने के बाद एएसपी ट्रैफिक ऋचा मिश्रा ने वरिष्ठ अधिकारियों के आदेश पर सहायक उप निरीक्षक राजकुमार दुबे, प्रधान आरक्षक घनश्याम दुबे और आरक्षक राहुल सोनी को बाइक और उसके चालक का पता लगाने के लिए लगाया।
कुछ ही घंटों में ट्रैफिक पुलिस की टीम ने बाइक की पहचान कर ली और आरोपी को बाइक समेत ट्रैफिक टावर नेहरू नगर बुलाया गया। वहां मोटर व्हीकल एक्ट के तहत लापरवाही से गाड़ी चलाने का दोषी पाए जाने पर उस पर 2 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
स्टंट करने वाले युवक की पहचान साहिल खान (उम्र 34 वर्ष), पिता शबीर खान, निवासी खुर्सीपार के रूप में हुई। कार्रवाई के बाद उसने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी और आम लोगों से अपील की कि वे इस तरह लापरवाही से बाइक न चलाएं।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi


