छत्तीसगढ़ में आज से शुरू होने जा रहा है सुशासन तिहार 2025: समस्याओं का होगा एक माह में समाधान, ग्राम पंचायतों और नगर निकायों में आमजन से लिए जाएंगे आवेदन....

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में सुशासन को मजबूत करने की दिशा में एक नई पहल के रूप में सुशासन तिहार 2025 की शुरुआत 8 अप्रैल से की जा रही है। यह आयोजन तीन चरणों में राज्य भर में 31 मई तक चलेगा।  

पहले चरण में 8 से 11 अप्रैल तक ग्राम पंचायतों और नगर निकाय कार्यालयों में नागरिकों से सीधे आवेदन लिए जाएंगे। साथ ही, ऑनलाइन पोर्टल और कॉमन सर्विस सेंटरों के माध्यम से भी आवेदन जमा किए जा सकेंगे। विकासखंड और जिला मुख्यालयों में भी समाधान पेटी रखी जाएगी ताकि हर स्तर पर आमजन की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।  

गौरतलब है कि इस वर्ष छत्तीसगढ़ राज्य अपनी स्थापना की रजत जयंती मना रहा है। साथ ही यह वर्ष भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी भी है, जिसे राज्य सरकार अटल निर्माण वर्ष” के रूप में मना रही है। इन्हीं ऐतिहासिक अवसरों के अंतर्गत यह सुशासन तिहार-2025 एक महत्वपूर्ण प्रयास के रूप में सामने आया है।

विज्ञापन 

कलेक्टरों को दिए गए स्पष्ट निर्देश

मुख्यमंत्री ने सभी जिला कलेक्टरों को निर्देशित किया है कि वे इस अभियान को सुनियोजित तरीके से संचालित करें। प्राप्त सभी आवेदन सॉफ्टवेयर में दर्ज कर संबंधित विभागों को भेजे जाएंगे और एक माह के भीतर उनका समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य और जिला स्तर पर समाधान की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा की जाएगी।

समाधान शिविरों के ज़रिए त्वरित समाधान

तीसरे चरण के अंतर्गत, प्रत्येक जिले की 8 से 15 ग्राम पंचायतों में समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे। आवश्यकता अनुसार, शहरी क्षेत्रों में भी ऐसे शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में नागरिकों को उनके आवेदन की स्थिति की जानकारी दी जाएगी और सम्भव हो तो तत्काल समाधान भी प्रदान किया जाएगा। जिन समस्याओं का निवारण शिविर में नहीं हो सकेगा, उन्हें एक माह के भीतर हल कर सूचना दी जाएगी।

शिविरों के दौरान जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी और हितग्राहीमूलक योजनाओं के फॉर्म भी उपलब्ध रहेंगे। इस अभियान में सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।  

मुख्यमंत्री, मंत्रीगण, मुख्य सचिव, प्रभारी सचिव और वरिष्ठ अधिकारी स्वयं शिविरों में मौजूद रहेंगे, जनता से संवाद करेंगे और योजनाओं के लाभ का फीडबैक प्राप्त करेंगे। साथ ही, औचक निरीक्षण के जरिए विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति का मूल्यांकन भी किया जाएगा।

 उद्देश्य है पारदर्शिता और त्वरित समाधान

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्पष्ट किया है कि सुशासन तिहार 2025 का मुख्य मकसद है जनता की समस्याओं का शीघ्र और प्रभावी समाधान, शासन की पारदर्शिता को बढ़ाना, और जनता से सीधा संवाद स्थापित करना। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया है कि वे इस अभियान में भाग लें और शासन-प्रशासन को अपनी समस्याओं से अवगत कराकर समाधान की दिशा में सहयोग करें।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi