नई नवेली पत्नी का मुंह दिखाई का तोहफा लेने निकले दूल्हे की सड़क हादसे में मौत, 24 घंटे में विधवा हुई दुल्हन...

 भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : शहडोल (मध्य प्रदेश) जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां नवविवाहित जोड़े की खुशियां चंद घंटों में मातम में बदल गईं। सुहागरात के लिए अपनी पत्नी के लिए खास तोहफा लेने निकले युवक की सड़क हादसे में जान चली गई। महज 24 घंटे पहले दुल्हन बनकर आई युवती विधवा हो गई। यह हृदय विदारक हादसा शहडोल जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र के अंतर्गत सरई सांधा के समीप हुआ।

जानकारी के मुताबिक, झिरिया गांव निवासी 22 वर्षीय दीपेंद्र साकेत की शादी 20 अप्रैल को सीधी जिले के मगरोहर गांव की एक युवती से संपन्न हुई थी। शादी के अगले ही दिन 21 अप्रैल को विदाई के बाद बारात अपने गांव झिरिया लौट आई। दहेज में दीपेंद्र को एक नई मोटरसाइकिल मिली थी।

विज्ञापन 

शाम के समय दीपेंद्र ने अपनी पत्नी के लिए सुहागरात पर देने हेतु एक खास तोहफा खरीदने की सोची और वह मोटरसाइकिल से ब्यौहारी की ओर निकल पड़ा। लेकिन वापस लौटते समय, गांव से लगभग दो किलोमीटर पहले सरई सांधा के पास उसकी बाइक की आमने-सामने की टक्कर दूसरी तेज रफ्तार मोटरसाइकिल से हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दीपेंद्र और दूसरे बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में दीपेंद्र के साथ पीछे बैठा एक युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

विज्ञापन 

   अधिक जानकारी के लिए यहाँ क्लिक करे 

जैसे ही यह खबर दीपेंद्र के गांव और ससुराल पहुंची, माहौल गमगीन हो गया। चंद घंटे पहले जहां शादी की खुशियों से घर गूंज रहा था, वहां अब मातम छा गया। दुल्हन के हाथों की मेंहदी भी नहीं सूखी थी कि वह सुहागन से विधवा बन गई। झिरिया और मगरोहर गांव में यह दुखद समाचार तेजी से फैल गया और हर आंख नम हो गई।

दीपेंद्र के माता-पिता, पत्नी और परिजन सदमे में हैं और उनका रो-रो कर बुरा हाल है। इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर है।

इस दुर्घटना के संबंध में शहडोल के एडिशनल एसपी अभिषेक दीवान ने जानकारी दी कि युवक की मौत सड़क दुर्घटना में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi