हनीमून मनाने गए नवविवाहितों की अधूरी प्रेम कहानी: किसी को दो महीने पहले तो किसी की एक हफ्ते पहले हुई शादी ,जम्मूकश्मीर में पर्यटकों में खौफ इतना था की इंडियन आर्मी को आतंकवादी समझ रोने लगे , 27 की मौत ने देश को किया स्तब्ध...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को दोपहर करीब 2:45 बजे एक दर्दनाक आतंकी हमला हुआ, जिसमें 27 लोगों की जान चली गई और 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना बैसरन घाटी में हुई, जहां लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े आतंकी संगठन 'द रेजिस्टेंस फ्रंट' (TRF) ने हमले की जिम्मेदारी ली है। हमले के बाद आतंकी मौके से फरार हो गए।

विदेशी और स्थानीय आतंकियों की मिलीभगत

इंटेलिजेंस एजेंसियों के मुताबिक, इस हमले में चार आतंकी शामिल थे – जिनमें से दो विदेशी थे और दो स्थानीय। वहीं दूसरी ओर, उरी सेक्टर में घुसपैठ की कोशिश कर रहे दो आतंकियों को भारतीय सेना ने मुठभेड़ में मार गिराया।

विज्ञापन 

    अधिक जानकारी के लिए यहाँ क्लिक करे 

शुभम द्विवेदी की पत्नी के सामने हुई हत्या

उत्तर प्रदेश के कानपुर निवासी शुभम द्विवेदी भी इस हमले में मारे गए। वह अपनी पत्नी के साथ हनीमून मनाने पहलगाम आए थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, आतंकियों ने हमले से पहले पर्यटकों से उनका नाम पूछा और कलमा पढ़ने को कहा। जैसे ही शुभम ने अपना नाम बताया, आतंकियों ने उनके सिर में गोली मार दी। यह घटना उनकी पत्नी के सामने हुई, जो अभी भी सदमे में हैं।जिनकी 2 महीने पहले ही शादी हुई थी|

विज्ञापन 

देश भर से पर्यटक बने हमले का निशाना

मारे गए लोगों में उत्तर प्रदेश, गुजरात, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु और ओडिशा के पर्यटक शामिल हैं। इसके अलावा नेपाल और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के एक-एक नागरिक की भी जान गई है। दो स्थानीय लोग भी इस हमले का शिकार बने।

सेना को भी समझा गया आतंकी

हमले के तुरंत बाद जब भारतीय सेना के जवान बैसरन घाटी में पहुंचे, तो वहां मौजूद पर्यटकों ने उन्हें भी आतंकी समझ लिया। इसका कारण यह था कि हमले में शामिल आतंकी भी सेना जैसी वर्दी पहने हुए थे। डर के मारे महिलाएं और बच्चे रोते हुए हाथ जोड़कर जान की भीख मांगने लगे। बाद में जवानों ने खुद को भारतीय सेना का बताते हुए पर्यटकों को आश्वासन दिया और सुरक्षा का भरोसा दिलाया। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है।

विनय नरवाल और उनकी पत्नी की अधूरी कहानी

इस हमले में हरियाणा के विनय नरवाल की भी जान चली गई। वह हाल ही में (एक हफ्ते पहले ) शादी के बंधन में बंधे थे और अपनी पत्नी के साथ हनीमून मनाने कश्मीर आए थे। रिसेप्शन के बाद दोनों ने पहलगाम घूमने का प्लान बनाया था, लेकिन किसे पता था कि यह यात्रा उनकी प्रेम कहानी का अंतिम अध्याय बन जाएगी। हमले के बाद विनय का शव घाटी में पड़ा था और पास ही उनकी पत्नी पथराई आंखों से बैठी रही, मानो यह समझ नहीं पा रही थीं कि आखिर उनका कसूर क्या था।

राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रियाएं

हमले के बाद पूरे देश में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सऊदी अरब का अपना दो दिवसीय दौरा बीच में छोड़ बुधवार सुबह भारत वापसी की। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह श्रीनगर पहुंच चुके हैं और वह पहलगाम का दौरा करेंगे। विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी अमित शाह से फोन पर बात की है। अमेरिका, रूस, ईरान, इटली, यूएई सहित कई अन्य देशों ने इस आतंकी हमले की कड़ी निंदा की है।

यह भयावह घटना न केवल कश्मीर की वादियों को खून से रंग गई, बल्कि कई परिवारों के सपनों और भविष्य को भी उजाड़ गई।हालाँकि इस हमले के बाद पकिस्तान में खौफ का माहौल है रात भर वहां की वायु सेना अलर्ट मोड पर रही |

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi