छत्तीसगढ़ को नई रेल परियोजना की सौगात, 278 किमी लंबी रेललाइन और 19 नए स्टेशन बनेंगे, 3000 से ज्यादा गांवों को होगा लाभ...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ में मोदी सरकार ने एक और बड़ा फैसला लेते हुए राज्य के लिए एक नई रेल परियोजना को मंजूरी दे दी है। केंद्र सरकार की कैबिनेट ने राज्य में 278 किलोमीटर लंबी नई रेलवे लाइन को स्वीकृति प्रदान कर दी है। वर्षों से रेल संपर्क की मांग कर रहे बलौदाबाजार के लोगों को इस फैसले से बड़ा लाभ मिलेगा। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसकी घोषणा करते हुए बताया कि यह रेल लाइन खरसिया से शुरू होकर नवा रायपुर होते हुए परमलकसा तक पहुंचेगी। परियोजना की कुल लागत 8741 करोड़ रुपये आंकी गई है।

इन आठ जिलों को मिलेगा सीधा फायदा

इस रेल मार्ग से छत्तीसगढ़ के आठ जिलों – रायगढ़, जांजगीर-चांपा, सक्ती, बिलासपुर, बलौदाबाजार, रायपुर, दुर्ग और राजनांदगांव – को लाभ पहुंचेगा। रेल मंत्री के अनुसार, बलौदाबाजार जैसे औद्योगिक रूप से उभरते क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे वहां सीमेंट फैक्ट्रियों और अन्य उद्योगों की स्थापना के रास्ते खुलेंगे। साथ ही यह मार्ग कृषि उपज, उर्वरक, कोयला, लौह अयस्क, सीमेंट, स्टील और चूना पत्थर जैसी वस्तुओं की ढुलाई को आसान बनाएगा।

विज्ञापन 

रेल मंत्रालय के मुताबिक, यह प्रोजेक्ट न सिर्फ व्यापारिक परिवहन को गति देगा, बल्कि रेलवे की मौजूदा क्षमता में भी इजाफा करेगा। इससे हर साल करीब 887.7 लाख टन अतिरिक्त माल की ढुलाई संभव होगी। साथ ही यह योजना पर्यावरण की दृष्टि से भी अहम है, क्योंकि इससे सालाना लगभग 95 करोड़ लीटर डीजल की बचत होगी और 477 करोड़ किलोग्राम कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी, जो पर्यावरणीय दृष्टिकोण से लगभग 19 करोड़ पेड़ लगाने के बराबर होगा।

3350 गांव और 47 लाख से अधिक लोग होंगे लाभान्वित

इस योजना के अंतर्गत 19 नए रेलवे स्टेशन बनाए जाएंगे, जिससे लगभग 3350 गांवों के 47.25 लाख लोग रेलवे नेटवर्क से सीधे जुड़ सकेंगे। इसके अलावा केंद्र सरकार ने अन्य राज्यों के 15 जिलों से होकर गुजरने वाली चार अतिरिक्त रेलवे विस्तार योजनाओं को भी मंजूरी दी है, जिससे देश के रेलवे नेटवर्क में 1247 किलोमीटर की वृद्धि होगी।

बलौदाबाजार से नवा रायपुर तक का रेलमार्ग: एक विस्तृत झलक

यह नया रेलवे कॉरिडोर रायगढ़, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, बलौदाबाजार, लखौली, नवा रायपुर, अभनपुर, बालोद, गुंडरदेही, पाटन, दुर्ग और राजनांदगांव होते हुए परमलकसा तक फैलेगा। इस बाइपास रेल लाइन को शबरीनारायण रेलवे सेवा से भी जोड़ा जाएगा। कुल 178 किलोमीटर के इस खंड में 21 स्टेशन बनेंगे और कुल 615 किलोमीटर रेल पटरी बिछाई जाएगी।

इस परियोजना में 48 बड़े ओवरब्रिज, 349 छोटे ब्रिज, 14 फ्लाईओवर (जिनमें से 5 रेलवे के होंगे) और 184 अंडरपास का निर्माण किया जाएगा। इस पहल से लगभग 2500 करोड़ रुपये की डीजल की बचत भी अनुमानित है। साथ ही, बलौदाबाजार और खरसिया जैसे बड़े सीमेंट उद्योग वाले क्षेत्र सीधे रेल नेटवर्क से जुड़ जाएंगे।

परियोजना की प्रमुख बातें:

- कुल रेलमार्ग: 278 किलोमीटर लंबी लाइन, जिसमें 615 किमी ट्रैक बिछेगा  

- स्टेशनों की संख्या: 21, जिनमें से 19 छत्तीसगढ़ में नए स्टेशन होंगे  

- ब्रिज और फ्लाईओवर: 48 बड़े पुल, 349 छोटे पुल, 14 रोड ओवर ब्रिज (आरओबी), 184 रोड अंडर ब्रिज (आरयूबी), 5 रेलवे फ्लाईओवर  

- माल परिवहन क्षमता: 21 से 38 मिलियन टन तक कार्गो परिवहन  

- यात्री ट्रेनें: 8 मेल, एक्सप्रेस और सेमी हाई-स्पीड ट्रेनों की शुरुआत  

- ईंधन बचत: प्रतिवर्ष लगभग 22 करोड़ लीटर डीजल की बचत  

- पर्यावरणीय प्रभाव: सालाना 113 करोड़ किलोग्राम CO2 उत्सर्जन में कमी, जो 4.5 करोड़ पेड़ों के बराबर है  

- लॉजिस्टिक्स लागत में गिरावट: सड़क परिवहन की तुलना में हर साल करीब 2,520 करोड़ की लागत बचेगी  

- सीधा लाभ: रायगढ़, जांजगीर-चांपा, सक्ती, बिलासपुर, बलौदाबाजार, रायपुर, दुर्ग और राजनांदगांव जिलों को होगा

अन्य प्रगति पर रेल परियोजनाएं:

1. दल्लीराजहरा से रावघाट लाइन लगभग पूरी होने को है  

2. रावघाट से जगदलपुर के बीच नई रेल लाइन का डीपीआर निर्माणाधीन है  

3. गेवरा से पेंड्रारोड तक नई लाइन का काम तेजी से चल रहा है  

4. राजनांदगांव से नागपुर के बीच तीसरी लाइन पर कार्य प्रगति पर है  

5. झारसुगुड़ा से बिलासपुर तक चौथी लाइन का कार्य भी जारी है  

6. रायपुर, केंद्री, धमतरी, अभनपुर और राजिम सेक्शन में गेज परिवर्तन का कार्य ब्रॉडगेज के रूप में हो रहा है  

7. राजनांदगांव से डोंगरगढ़ तक चौथी लाइन का काम भी शुरू है  

8. जगदलपुर से कोरापुट मार्ग का दोहरीकरण हो रहा है  

9. धरमजयगढ़ से कोरबा तक नई रेललाइन बनाई जा रही है  

10. अनुपपुर से अंबिकापुर के बीच दोहरीकरण कार्य प्रगति पर है  


भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi