भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : दुर्ग , अंजोरा चौकी पुलिस ने गुरुवार दोपहर ग्राम महमरा स्थित एक महिला तस्कर के घर पर छापेमारी की। जांच के दौरान वहां से कुल 40 किलो गांजा बरामद किया गया। इस कार्रवाई में महिला की बेटी का प्रेमी भी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। जबकि महिला तस्कर, उसकी बेटी और बेटा इस समय लुधियाना में होने की सूचना मिली है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया है और उनकी तलाश जारी है। जानकारी के मुताबिक महिला पहले भी गांजा तस्करी के आरोप में जेल जा चुकी है।
एएसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि टीम ने कृष्णा देवी चौधरी के मकान पर दबिश दी थी। मकान के अंदर एक गुप्त स्थान पर गांजा छिपाकर रखा गया था। कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद सुनीता के प्रेमी गोपी कुमार को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने बताया कि वह पिछले चार महीनों से वहीं रह रहा है। इससे पहले वह लुधियाना में रहता था, जहां इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी जान-पहचान सुनीता से हुई थी।
धीरे-धीरे दोनों के बीच नज़दीकियां बढ़ीं और चार महीने पहले गोपी दुर्ग आ गया। तब से वह महिला तस्कर के घर ही रह रहा था। पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि महिला ओडिशा से गांजा लाकर खुर्सीपार सहित आसपास के क्षेत्रों में बेचती थी। वह स्कूटी से बेटी के साथ गांजे की डिलीवरी देती थी और इस दौरान गाड़ी की नंबर प्लेट भी हटा देती थी ताकि पहचान न हो सके।
महिला वर्ष 2018-19 में गांजा तस्करी के आरोप में ओडिशा में गिरफ्तार हुई थी और वहां की जेल में पांच साल तक बंद रही। जेल से छूटने के बाद उसने अंजोरा इलाके में मकान लेकर वहां रहना शुरू किया।
इसी बीच, पुलिस ने एक अन्य मामले में पावर हाउस क्षेत्र से तीन तस्करों को 6 किलो गांजे के साथ पकड़ा है। इनमें दो आरोपी ओडिशा के निवासी हैं, जबकि तीसरा आरोपी भिलाई टाउनशिप से है। तीनों पर भी एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi


