फैशन डिजाइनर युवती पर 6 लड़कियों का जानलेवा हमला: बाथरूम से बाल पकड़कर घसीटा, चाकू लेकर घर में घुसीं, कैश और गोल्ड लूटकर फरार – बॉयफ्रेंड को लेकर रची गई साजिश!

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : रायपुर के खम्हारडीह थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां बॉयफ्रेंड को लेकर हुए विवाद के चलते छह लड़कियों ने मिलकर एक युवती की बेरहमी से पिटाई कर दी। पीड़िता उस समय नहा रही थी, जब ये सभी लड़कियां चाकू लेकर उसके घर में घुस आईं। उन्होंने बाथरूम का दरवाजा तोड़ा, उसके बाल पकड़कर बाहर घसीटा और फिर जमकर मारपीट की।  

पीड़िता फैशन डिजाइनर, घर से कैश और ज्वेलरी भी हुई गायब

प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़िता का नाम रहनुमा है, जो पेशे से फैशन डिजाइनर है और भावना नगर स्थित किराए के मकान में रहती है। एफआईआर में बताया गया है कि घटना के दौरान उसके घर से नकद रुपये, सोने की अंगूठियां और चेन भी गायब हो गईं।


बाथरूम में घुसकर की पिटाई, बाल पकड़कर घसीटा गया

एफआईआर के मुताबिक, रहनुमा की इन छह लड़कियों से पिछले चार सालों से जान-पहचान थी। 3 अप्रैल को कोमल नाम की एक लड़की ने फोन कर बताया कि वह मिलने आ रही है। इस पर रहनुमा नहाने चली गई।  

शाम करीब 6 बजे दरवाजे पर दस्तक हुई। उस समय घर में उसकी एक अन्य सहेली भी मौजूद थी, जिसने दरवाजा खोला। तभी कोमल, अलीशा, अलीशा एम, दिव्या, मंजू और रानी अंदर घुस गईं। उनके पास चाकू भी था।  

फोन तोड़ा, सोने की चीजें और नकदी ले गईं

रहनुमा के मुताबिक हमले के बाद उसके गले से सोने की चेन गिर गई। साथ ही उसकी पांच सोने की अंगूठियां और करीब 30 हजार रुपये नकद भी घर से गायब हो गए। हमलावर लड़कियों ने उसका आईफोन भी तोड़ दिया।  

थाने में दर्ज हुई रिपोर्ट, पुलिस कर रही जांच

रहनुमा ने इस पूरे मामले की शिकायत खम्हारडीह थाने में दर्ज कराई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक इस हमले के पीछे की वजह एक युवक को लेकर विवाद हो सकती है। बताया जा रहा है कि इन लड़कियों में से एक का पहले उस युवक से ब्रेकअप हो चुका है, लेकिन फिर भी अन्य लड़कियों के साथ उसकी नजदीकियों को लेकर विवाद हुआ।

हालांकि पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं मामला सिर्फ आपसी रंजिश और मनमुटाव का तो नहीं है। सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही असल वजह का खुलासा करने की बात कही गई है।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi