अजब -गजब : शादी से 6 दिन पहले सास अपने ही दामाद संग फरार: बेटी के अरमान चकनाचूर, लाखों के गहने-नकदी लेकर भागी मां, सदमे में युवती की तबीयत बिगड़ी...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : यूपी , अलीगढ़ जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला अपनी बेटी की शादी से पहले ही उसी के मंगेतर संग फरार हो गई। 38 वर्षीय महिला अपने होने वाले दामाद के साथ घर छोड़कर चली गई, जिससे पूरा परिवार सदमे में है। बेटी की शादी महज छह दिन बाद 16 अप्रैल को होनी थी, लेकिन उससे पहले ही मां की इस हरकत ने पूरे घर को हिलाकर रख दिया।  

मिली जानकारी के अनुसार, छह महीने पहले बेटी शिवानी का रिश्ता राहुल नामक युवक से तय हुआ था। उसी दौरान शिवानी की मां अनीता ने राहुल को मोबाइल गिफ्ट किया था। इसके बाद दोनों के बीच बातों का सिलसिला शुरू हुआ, जो धीरे-धीरे प्रेम में बदल गया।  

राहुल अक्सर शिवानी के घर आता-जाता रहता था और सास अनीता से घंटों तक बातचीत करता था। किसी ने भी उनके बीच बढ़ती नजदीकियों पर शक नहीं किया।  

परिवार के मुताबिक, महिला घर में रखे हुए करीब 3.5 लाख रुपये नकद और लगभग 5 लाख के जेवर भी साथ लेकर गई है। शादी की तैयारियां ज़ोरों पर थीं, कार्ड भी बांटे जा चुके थे, लेकिन मां की इस हरकत से बेटी पूरी तरह टूट गई।  

बेटी ने गुस्से में कहा कि अब उसे मां से कोई वास्ता नहीं है। वह सिर्फ चाहती है कि घर का पैसा और गहने वापस मिल जाएं। उसने कहा, “दोनों कहीं भी जाकर मरें, अब हमारा उनसे कोई रिश्ता नहीं है।”  

महिला के पति जितेंद्र कुमार का कहना है कि वह बेंगलुरु में व्यापार करते हैं और वहीं से परिवार का खर्चा चलाते हैं। उन्हें अपनी पत्नी की हरकतों पर पहले से ही शक था क्योंकि राहुल अपनी मंगेतर से ज़्यादा समय सास के साथ बिताता था।  

जितेंद्र ने बताया कि पत्नी और राहुल के बीच दिनभर लंबी बातचीत हुआ करती थी। कभी-कभी दोनों 14-14 घंटे तक एक-दूसरे से बात करते थे। लेकिन शादी नजदीक होने की वजह से उन्होंने इस बात को नजरअंदाज कर दिया।  

6 अप्रैल को अनीता अचानक गायब हो गई। उसी दिन राहुल भी घर से यह कहकर निकला कि उसे शादी के लिए कपड़े खरीदने हैं, लेकिन वह भी लौटकर नहीं आया। इसके बाद दोनों के मोबाइल फोन बंद हो गए।  

एक दिन राहुल ने अपने पिता को फोन कर कहा कि अब उसे ढूंढ़ने की कोशिश न की जाए, वह कभी वापस नहीं लौटेगा। इसके बाद परिजनों ने जब जानकारी जुटाई, तो यह साफ हुआ कि अनीता भी गायब है।  

राहुल उत्तराखंड के रुद्रपुर में एक प्राइवेट कंपनी में सुपरवाइजर है। पुलिस को दोनों की आखिरी लोकेशन अलीगढ़ जिले के भीतर ही मिली थी। इसके बाद दोनों के मोबाइल बंद हो गए।  

पुलिस अब दोनों की तलाश में सर्विलांस टीम के जरिए जुटी है। मामले में महिला के पति ने थाने में शिकायत दी है कि अनीता घर से नकदी और जेवर लेकर गई है। इसी आधार पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की है।  

सीओ इगलास महेश कुमार ने बताया कि दोनों वयस्क हैं और अपनी मर्जी से कहीं भी जा सकते हैं, लेकिन घर से धन और गहने ले जाने की शिकायत पर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस को यह जानकारी भी मिली है कि दोनों बस से अलीगढ़ से उत्तराखंड की ओर रवाना हुए थे।  

इस घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में है। शिवानी की तबीयत इतनी बिगड़ गई कि उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। डॉक्टरों ने उसे ड्रिप पर रखा है।  

शिवानी ने कहा, "अब मुझे मां से कोई सरोकार नहीं है। जो कुछ वह लेकर गई है, वह वापस मिल जाए, यही काफी है। वह जिए या मरे, अब उससे कोई नाता नहीं रहा।”  

जितेंद्र कुमार ने भी साफ कहा है कि अब उन्हें अपनी पत्नी से कोई रिश्ता नहीं रखना। उनका सिर्फ यही अनुरोध है कि पुलिस उनकी पत्नी को एक बार उनके सामने लाकर खड़ा कर दे, ताकि वह उससे पूछ सकें कि आखिर उसने अपनी ही बेटी के साथ ऐसा क्यों किया?

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi