चलती कार में गैंगरेप की सनसनीखेज वारदात: युवती को 7 दिन तक बंधक बनाकर किया दुष्कर्म, बॉयफ्रेंड सहित 6 आरोपी गिरफ्तार, 16 पुलिसकर्मी निलंबित...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : (यूपी) वाराणसी, लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ चलती कार में गैंगरेप की दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। इस मामले में युवती के बॉयफ्रेंड समेत सात युवकों पर आरोप लगे हैं। पीड़िता को गंभीर हालत में सड़क किनारे फेंक दिया गया। बताया जा रहा है कि युवकों ने उसे 29 मार्च से 4 अप्रैल तक बंधक बनाकर रखा था। पीड़िता के पिता ने 6 अप्रैल को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।  

बॉयफ्रेंड ने हुक्का बार बुलाकर रची थी साजिश 

युवती, जो स्नातक की छात्रा है, अपने परिवार के साथ लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र में रहती है। उसके पिता पेशे से ड्राइवर हैं और उनके चार बेटियां तथा एक बेटा है। पुलिस की रिपोर्ट के अनुसार, युवती का बॉयफ्रेंड उसे सिगरा स्थित एक हुक्का बार ले गया। वहां से निकलने के बाद वह अपने एक दोस्त के साथ कार की पिछली सीट पर बैठ गया। तभी चलती गाड़ी में उसके दोस्तों ने मिलकर युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।  

पिता ने दी शिकायत, पुलिस ने की कार्रवाई:  

पीड़िता के पिता ने 6 अप्रैल को पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। डीसीपी वरुणा चंद्रकांत मीणा ने जानकारी दी कि यह घटना 29 मार्च की है और युवती 4 अप्रैल को ही पुलिस के पास मिली थी, जब उसके पिता ने गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखवाई थी। उस वक्त किसी प्रकार के यौन शोषण की बात सामने नहीं आई थी। लेकिन 6 अप्रैल को जब पीड़िता और उसके परिवार ने सामूहिक बलात्कार की शिकायत दी, तब इस पर मुकदमा दर्ज किया गया और जिन सात लोगों पर आरोप लगा, उनमें से छह को हिरासत में ले लिया गया है।  

गश्त में लापरवाही, 16 पुलिसकर्मी सस्पेंड

घटना के बाद रात्रि गश्त में लापरवाही सामने आने पर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 16 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। इनमें 11 सब इंस्पेक्टर, 3 दीवान और 2 सिपाही शामिल हैं। बताया जा रहा है कि कई दिनों से पुलिस आयुक्त को ड्यूटी में लापरवाही की शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद एक टीम गठित कर रात में शहर भर के थानों और इलाकों की चेकिंग करवाई गई, जिसमें ये सभी ड्यूटी से नदारद पाए गए। रिपोर्ट मिलने के बाद सभी को सेवा में लापरवाही के चलते निलंबित कर दिया गया है।  


भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi