भिलाई की पॉश कॉलोनी में 8 लाख की बड़ी चोरी: नाबालिग भतीजे ने दोस्त के साथ मिलकर की वारदात, सोने का बिस्किट पिता की दुकान में गिरवी रख बेचा, पूरा माल बरामद...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में स्थित भिलाई तीन की शिक्षक नगर कॉलोनी में लाखों की चोरी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस वारदात को अंजाम देने वाला कोई बाहरी नहीं, बल्कि घर मालिक का नाबालिग भतीजा था, जिसने अपने एक नाबालिग दोस्त के साथ मिलकर सोने-चांदी के जेवरात चुरा लिए। इसके बाद इन जेवरों में से सोने का एक बिस्किट नाबालिग दोस्त ने अपने पिता की दुकान में गिरवी रख दिया।

छावनी क्षेत्र के सीएसपी हरीश पाटिल ने जानकारी दी कि भिलाई तीन के नूतन चौक स्थित शिक्षक कॉलोनी में रहने वाली राधिका हरदेल (उम्र 41 वर्ष), जो विजय हरदेल की पत्नी हैं, ने थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी। उनके अनुसार, उनके घर से लगभग 8 लाख रुपये की कीमत के सोने-चांदी के गहने चोरी हो गए थे। रिपोर्ट दर्ज होते ही पुलिस ने त्वरित जांच शुरू कर दी।

विज्ञापन 

राधिका हरदेल ने अपनी शिकायत में बताया कि चोरी की घटना 29 मार्च 2025 की सुबह 11 बजे से लेकर 14 अप्रैल 2025 की सुबह 10 बजे के बीच घटी। इस दौरान किसी अनजान व्यक्ति ने उनके घर में घुसकर अलमारी से लगभग 7 लाख 85 हजार रुपये मूल्य के जेवर चुरा लिए। इसके साथ ही उनका एक चेकबुक भी गायब मिला।

मामला संवेदनशील होने के कारण दुर्ग के एसपी जितेंद्र शुक्ला ने छावनी सीएसपी हरीश पाटिल के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया। जब टीम ने जांच आगे बढ़ाई तो उन्हें राधिका के देवर के बेटे और उसके नाबालिग दोस्त पर शक हुआ। शक के आधार पर दोनों को थाने बुलाया गया और पूछताछ की गई। कड़ी पूछताछ में दोनों ने चोरी की बात कबूल कर ली।

आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अलमारी से गहने निकालकर उनमें से कुछ जेवर घर में ही रख लिए और एक सोने का बिस्किट भतीजे ने अपने दोस्त को दे दिया। नाबालिग दोस्त ने उस बिस्किट को अपने पिता की दुकान पर ले जाकर 1 लाख 30 हजार रुपये में गिरवी रख दिया।

पुलिस ने जेवरात खरीदने वाले दुकानदार, संतोष दुलानी को भी गिरफ्तार कर लिया है। संतोष ने बताया कि उसका बेटा दुकान पर 15 ग्राम का एक सोने का बिस्किट लेकर आया था, जिसे उसने 1 लाख 40 हजार रुपये में गिरवी लिया था और बेटे को 1 लाख 30 हजार रुपये दे दिए थे।

जांच के दौरान पुलिस ने चोरी गए सभी गहने बरामद कर लिए हैं। पुलिस ने कुल 740.33 ग्राम सोने के जेवर, 326.986 ग्राम चांदी और अन्य कीमती सामान ज़ब्त किया है। आरोपी संतोष दुलानी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, वहीं दोनों नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड, दुर्ग में पेश किया गया है।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi