दुर्ग संभाग : दहेज के भूखे पति की क्रूरता: पति ने शादी से पहले बारात लौटाई, फिर 9 माह की गर्भवती पत्नी की अश्लील तस्वीरें वायरल कर दीं – थाने में FIR दर्ज, जांच जारी

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : (छग) बालोद। दल्लीराजहरा क्षेत्र से रिश्तों को तार-तार करने वाली एक शर्मनाक घटना सामने आई है, जिसमें एक पति ने क्रूरता की सारी सीमाएं लांघ दीं। पहले तो उसने शादी के दिन ही दहेज की मांग करते हुए फेरों से पहले बारात वापस लौटा ली और अब, जब उसकी पत्नी नौ महीने की गर्भवती है, उसने उसकी अश्लील तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए।  

मामला गरियाबंद जिले की एक युवती से जुड़ा है, जिसकी शादी 2024 में अनिल गंधर्व नामक युवक से तय हुई थी। लेकिन शादी के दिन ही अनिल ने दहेज की मांग करते हुए फेरे लेने से इनकार कर दिया और बारात लेकर लौट गया। उस समय मामला गरियाबंद थाने तक पहुंचा, मगर बाद में दोनों पक्षों के बीच सुलह हो गई और विवाह संपन्न हुआ। 

विज्ञापन  

शादी के बाद भी अनिल का रवैया नहीं बदला। वह अपनी पत्नी के साथ लगातार मारपीट करता रहा और दहेज की मांग करता रहा। हालात इतने खराब हो गए कि गर्भवती होने के बावजूद पीड़िता को अपने मायके में जाकर रहना पड़ा।  

शर्मनाक हरकत: सोशल मीडिया पर बदनाम करने की कोशिश

मायके में रह रही गर्भवती पत्नी को बदनाम करने के लिए आरोपी अनिल ने उसकी अश्लील फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर फैला दीं। यही नहीं, उसने ये सामग्री अपने परिवार के सदस्यों को भी भेज दी। इस घिनौनी हरकत की शिकायत पीड़िता की मां ने दल्लीराजहरा थाने में दर्ज करवाई है।  

एसपी का बयान – दोषी को नहीं बख्शा जाएगा

बालोद एसपी सरजू राम भगत ने जानकारी दी कि आरोपी की पत्नी गर्भवती है और उसकी मां के आवेदन पर दल्लीराजहरा थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। उन्होंने कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है और अपराधी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi