भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई , इस्पात नगरी भिलाई के कैंप-1 क्षेत्र में हुई दिल दहला देने वाली घटना में गंभीर रूप से झुलसी महिला नीतू ने रायपुर के मेकाहारा अस्पताल में इलाज के दौरान अंतिम सांस ली। बताया जा रहा है कि नीतू को उसके पति और ससुराल पक्ष ने आग के हवाले किया था। यह घटना 3 अप्रैल को सामने आई थी। शुरू में जिला अस्पताल से सूचना मिलने के बाद जब पुलिस टीम बयान लेने पहुंची, तब नीतू ने बताया कि वह चाय बनाते समय आग में झुलस गई थी।
मिडिया रिपोर्ट्स के अनुसार हालांकि, मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया जब नीतू के 15 वर्षीय बेटे ने पुलिस को बताया कि उसकी मां को उसके ही पिता, दादा-दादी और बुआ ने मिलकर मिट्टीतेल डालकर जिंदा जला दिया। इस बयान के बाद घटना और भी भयावह हो गई।
विज्ञापन
नीतू के पिता और बेटा, जो कि बिहार के नालंदा जिले से आए थे, ने बीते बुधवार को छावनी थाने में एफआईआर दर्ज कराई। नीतू के पिता ने बताया कि उनकी बेटी 30 मार्च को बेटे के साथ मायके आई थी, लेकिन 1 अप्रैल को पति के बार-बार कॉल कर विवाद करने के चलते वह ससुराल लौट गई। इसके बाद नीतू से संपर्क नहीं हो सका।
6 अप्रैल को मोहल्ले वालों से उन्हें सूचना मिली कि नीतू आग में झुलस गई है। जब वे भिलाई पहुंचे तो पता चला कि नीतू करीब 90% जल चुकी है और उसकी हालत बेहद नाजुक है। वहीं, बेटे ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी आंखों से देखा कि उसके दादा-दादी, पिता और बुआ ने मिलकर उसकी मां पर मिट्टीतेल डालकर उसे आग के हवाले कर दिया।
पुलिस और परिजनों ने बताया कि नीतू और उसके पति के बीच पहले भी घरेलू विवाद होते रहे हैं और इस मामले में महिला थाने में काउंसिलिंग भी कराई गई थी। अंततः इलाज के दौरान नीतू ने आज दम तोड़ दिया, जिससे पूरे परिवार में शोक की लहर फैल गई है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi


