भिलाई में मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक की निर्मम हत्या: नाबालिग समेत चार आरोपी पुलिस गिरफ्त में....

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई। नेवई थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मानसिक रूप से कमजोर युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। बीआरपी चौक के पास फ्लाईओवर के नीचे चार आरोपियों ने मिलकर उसे डंडे और लोहे के पंच से बुरी तरह पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए एक नाबालिग सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इन पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 118(1), 351(3), 103(1), और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 7 अप्रैल 2025 की शाम लगभग 5:30 बजे की है। थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए शकील अहमद खान ने बताया कि उसका छोटा भाई जमील अहमद मानसिक रूप से अस्वस्थ था और उस दिन वह बीआरपी चौक के ओवरब्रिज के नीचे खड़ा होकर बड़बड़ा रहा था। इसी दौरान वहां मौजूद गुलशन, दुष्यंत, राजू साहू उर्फ करियां राजू और एक नाबालिग ने उस पर गाली देने का आरोप लगाकर उसे बेल्ट, डंडा, लोहे के पंच और हाथ-मुक्कों से बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया।

विज्ञापन 

इस हमले में जमील अहमद को सिर, नाक, छाती और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने पहले इस मामले में धारा 296, 118(1), 351(3), और 3(5) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की। गंभीर हालत में घायल जमील को रायपुर के डीके अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धारा 103(1) को भी जोड़ दिया।

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए दुर्ग के पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र शुक्ला ने तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। नेवई थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसके प्रयासों से चारों आरोपी – गुलशन, दुष्यंत, राजू साहू उर्फ करियां राजू और नाबालिग को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में सभी ने अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का पंच, बेल्ट और डंडा भी जब्त किया है।

आरोपियों को विधि अनुसार गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में नेवई थाना प्रभारी प्रशिक्षु आईपीएस राहुल बंसल, एएसई रामचन्द्र कंवर, आरक्षक रवि बिसाई, मो. समीम, भुमिन्द्र वर्मा, चंदन भास्कर, विकास शर्मा, चितरंजन देवांगन, लक्ष्मीनारायण, हेमशंकर साहू, हेमंत नेताम, छत्रपाल वर्मा और संतोष कोमा का अहम योगदान रहा।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi