भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई नगर निगम की एक बड़ी प्रचार सामग्री की चोरी का मामला सामने आया है। इस पर नगर निगम के आयुक्त राजीव पाण्डेय ने सुपेला थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। सुपेला पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आयुक्त राजीव पाण्डेय का कहना है कि नगर निगम की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने इस संबंध में पुलिस को लिखित शिकायत भी सौंपी है। उनके अनुसार, कोसा नाला पाथवे स्थित नेशनल हाईवे के ऊपर स्वच्छ भारत मिशन से जुड़ा एक बड़ा फ्लैक्स लगाया गया था।
विज्ञापन
यह फ्लैक्स 110 फीट लंबा और 8 फीट चौड़ा था, जिसे फुट ओवर ब्रिज पर लगाया गया था। कुछ असामाजिक तत्वों ने इस फ्लैक्स को वहां से निकालकर चोरी कर लिया। यह बैनर शहरवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से लगाया गया था, लेकिन अब यह निगम की संपत्ति को हानि पहुंचाने का मामला बन गया है, जिसकी शिकायत पुलिस को दी गई है।
24 घंटे के भीतर हो गई चोरी
नगर निगम की टीम ने यह फ्लैक्स 2 अप्रैल को ब्रिज पर लगाया था। लेकिन अगले ही दिन यानी 3 अप्रैल को यह पाया गया कि फ्लैक्स वहां से गायब है। किसी ने उसे चुपचाप निकालकर चोरी कर लिया। इसके बाद आयुक्त के निर्देश पर जोन 1 के सहायक राजस्व अधिकारी प्रसन्न कुमार तिवारी ने सुपेला थाना में लिखित शिकायत देकर मामला दर्ज कराया।
अन्य सरकारी संपत्तियां भी चोरों के निशाने पर
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि निगम द्वारा शासन की निधि से शहर का सौंदर्यीकरण और बाग-बगीचों का विकास किया जा रहा है। परंतु अज्ञात चोर उद्यानों में लगी फैसिंग वायर, लोहे की ग्रिल, बाउंड्री वॉल और निगम के मोटर पंप में लगे केबल वायर तक काटकर चोरी कर रहे हैं। इसलिए निगम प्रशासन ने पुलिस से अनुरोध किया है कि वह इस पर कड़ी निगरानी रखे और पकड़े जाने पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करे।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi


