भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ के भिलाई से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला गंभीर रूप से जल गई। इस घटना को लेकर उसके 15 वर्षीय बेटे ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। बेटे का आरोप है कि उसके पापा, दादा, दादी और बुआ ने मिलकर मां को मिट्टी का तेल डालकर आग के हवाले कर दिया। वहीं महिला ने बयान दिया है कि चाय बनाते वक्त साड़ी में आग लगने से वह झुलस गई।
![]() |
| महिला की तस्वीर |
3 अप्रैल को अचानक नीतू आग से झुलस गई। उसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन गंभीर हालत को देखते हुए रायपुर स्थित मेकाहारा अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल नीतू वहीं जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है।
पुलिस ने अस्पताल में नीतू का बयान दर्ज किया, जिसमें उसने कहा कि चाय बनाते समय अचानक साड़ी के पल्लू में आग लग गई और वह जल गई। दूसरी ओर, नीतू के बेटे ने जो बयान दिया, वह घटना को पूरी तरह उलट देता है। बेटे ने कहा कि मां और घरवालों के बीच बहस हुई थी। इसके बाद दादा-दादी और बुआ ने मां को पकड़ लिया, और पापा ने उनके ऊपर मिट्टी तेल छिड़ककर आग लगा दी। बेटे का यह भी कहना है कि वह डर गया था और उसे घरवालों ने किसी को कुछ भी न बताने की धमकी दी थी। लेकिन उसने कहा कि वह अब सच सामने लाना चाहता है, क्योंकि उसकी मां को उसके सामने जिंदा जलाया गया।
छावनी थाना प्रभारी चेतन चंद्राकर ने बताया कि महिला ने खाना बनाते समय आग लगने की बात कही है। पुलिस पहले भी बयान दर्ज कर चुकी है, उस वक्त बेटा मौजूद था लेकिन उसने कुछ नहीं बताया। इस बीच लड़के ने पुलिस या अपने नाना-नानी से भी संपर्क नहीं किया। नीतू का पति भी थाने आया था और अब अस्पताल में पत्नी के साथ है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
नीतू के पिता अशोक साव ने छावनी थाने में एक शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी हाल ही में मायके आई थी और 1 अप्रैल को साउथ बिहार से भिलाई के लिए रवाना हुई। 2 अप्रैल को वह अपने ससुराल पहुंची।
उनके अनुसार, घर पहुंचते ही ससुरालवालों—संतोष साव, सास मुन्नी देवी, ससुर गोविंद साव और ननद सपना देवी ने झगड़ा शुरू कर दिया और नीतू के साथ मारपीट की। फिर अगले दिन यानी 3 अप्रैल को उसे आग लगाकर जान से मारने की कोशिश की गई।फिलहाल नीतू की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और पूरा मामला पुलिस जांच के अधीन है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi


