प्यार में बाधा बने पिता को बेटी ने नींद की गोली देकर सुलाया, फिर प्रेमी ने कुल्हाड़ी से गला रेतकर की निर्मम हत्या...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के रमजुपुर गांव में 9 अप्रैल को हुई एक हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने मृतक की बेटी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि लड़की के प्रेम संबंधों से नाराज़ पिता ने बेटी को प्रेमी से मिलने से रोका था और धमकी दी थी कि अगर दोनों फिर से मिले तो वह उन्हें जान से मार देगा। इसी बात से नाराज़ होकर बेटी ने प्रेमी संग मिलकर पिता को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

आंगन में खटिया पर मिला शव

9 अप्रैल को रामकेश यादव का शव उनके घर के आंगन में खटिया पर पड़ा मिला। गर्दन पर गंभीर चोट के निशान थे और आसपास खून बिखरा था। पुलिस ने प्रथम दृष्टया मामला हत्या का मानते हुए जांच शुरू की।

सूचना देने वाले की मदद से खुला राज

जांच के दौरान पुलिस को एक मुखबिर से अहम जानकारी मिली, जिसके आधार पर पंचमपुर गांव निवासी राजू डुमार को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने पूरे मामले का खुलासा कर दिया।

विज्ञापन 

तीन साल से चल रहा था प्रेम संबंध

राजू ने बताया कि वह रामकेश यादव के साथ बकरियां चराने जाता था। इसी दौरान रामकेश की बेटी रामबाई रोज उन्हें खाना देने पहाड़ आती थी। वहीं दोनों के बीच नज़दीकियां बढ़ीं और वे पिछले तीन वर्षों से एक-दूसरे को पसंद करने लगे थे।

पिता को जब हुआ शक, तो लगाई रोक

जब रामकेश को अपनी बेटी के प्रेम प्रसंग का पता चला तो उसने सख्ती से विरोध किया और बेटी को बाहर निकलने से मना कर दिया। उसने यह भी चेतावनी दी कि अगर दोनों फिर मिले तो वह उन्हें मार डालेगा।

बेटी ने फोन कर रची साजिश

राजू ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले प्रेमिका ने उसे फोन कर कहा कि उसके पिता मिलने से मना कर रहे हैं और जान से मारने की धमकी भी दे रहे हैं। तब दोनों ने मिलकर हत्या की योजना बनाई।

नींद की गोली खिलाकर की गई हत्या

युवती ने प्रेमी से कहा कि उसके पास नींद की गोली है, जिसे वह चाय में मिलाकर अपने पिता को पिला देगी। जब वह गहरी नींद में सो जाएंगे, तब राजू को आकर हत्या करनी है।

रात को कुल्हाड़ी से हमला कर दी जान

घटना वाली रात करीब 10 बजे रामबाई ने फोन कर राजू को बुलाया और बताया कि उसके पिता सो चुके हैं। वह महुआ बीनने का बहाना बनाकर बाहर चली गई और राजू ने मौके का फायदा उठाकर खटिया पर सोए रामकेश की गर्दन पर कुल्हाड़ी से वार कर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस ने किया गिरफ्तार, हथियार बरामद

पुलिस ने आरोपी राजू डुमार और रामकेश की बेटी रामबाई को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी जब्त कर ली गई है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।


भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi