झरोखा बोगदा पुलिया से डी-मार्ट तक दोनों ओर बनेगी सर्विस रोड
जिला प्रशासन ने नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) को निर्देशित किया है कि झरोखा बोगदा पुलिया से डी-मार्ट तक और आरोग्यम हॉस्पिटल से वापस पुलिया तक मुख्य सड़क के दोनों ओर सर्विस लेन का निर्माण किया जाए। यह व्यवस्था नागरिकों की व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तक आसान पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की जा रही है।
विज्ञापन
अंजोरा बाईपास पर दो जगह लगाए जाएंगे स्पीड वॉयलेशन कैमरे
अंजोरा बाईपास से लेकर नेहरू नगर गुरुद्वारा चौक तक दो अलग-अलग स्थानों पर स्पीड वॉयलेशन डिटेक्शन डिवाइस कैमरे स्थापित किए जाएंगे, ताकि तेज गति से वाहन चलाने पर नियंत्रण पाया जा सके। इस दौरान कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग से ब्लैक और ग्रे स्पॉट्स पर की गई कार्रवाई की भी जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि अधिकतर जगहों पर सुधार कार्य पूरे हो चुके हैं, जबकि कुछ स्थानों पर काम अभी प्रगति पर है।
विज्ञापन
दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु क्रैश बैरियर जल्द लगाएं
जिन स्थानों को दुर्घटना संभावित माना गया है – जैसे कि प्रियदर्शनीय परिसर, साक्षरता चौक, खुर्सीपार, जी.आर.पी. कटिंग और मजार कटिंग – वहां पर जल्द से जल्द क्रैश बैरियर लगाने का कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को इन स्थानों का भौतिक निरीक्षण कर तुरंत आवश्यक कार्यवाही करने को कहा गया।
अन्य सुधारात्मक कदम
- रॉयल खालसा, ज्योति कटिंग, जनता स्कूल और सिरसा गेट जैसे क्षेत्रों में रोड मार्किंग एवं कैट्स आई लगाने की योजना बनाई गई है।
- इसके अलावा सिरसा गांव की ओर मोड़ पर फ्री लेफ्ट टर्न बनाने का निर्देश नगर पालिक निगम चरोदा भिलाई को दिया गया है।
इंदिरा मार्केट क्षेत्र में बनेगी मल्टीलेवल पार्किंग
इंदिरा मार्केट के पास पार्किंग की समस्या को सुलझाने के लिए, संगम प्रेस के समीप स्थित शासकीय ज़मीन को चिह्नित किया गया है। वहां के दो पुराने जर्जर क्वार्टर हटाकर मल्टीलेवल पार्किंग सुविधा विकसित करने की योजना पर भी विचार किया गया।
मुख्य मार्ग से हटाई गई शराब दुकानें
पोटिया चौक और अंजोरा में स्थित शराब दुकानों को मुख्य मार्ग से हटाकर दूसरी जगह स्थानांतरित कर दिया गया है, जिसकी जानकारी आबकारी विभाग ने बैठक में दी।



