भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : दुर्ग। मोहन नगर थाना क्षेत्र से मूकबधिर युवती के साथ दुष्कर्म की कोशिश का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यह घटना मंगलवार सुबह की है, जब एक 33 वर्षीय युवक ने घर में सो रही युवती के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। युवती ने किसी तरह खुद को छुड़ाया और चीखती हुई बाहर निकली। शोर सुनकर स्थानीय लोग जुटे और आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक यह घटना मोहन नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कातुलबोड इलाके की है। पुलिस के अनुसार, 19 वर्षीय मूकबधिर युवती अपने घर में आराम कर रही थी। उसी समय उसका छोटा भाई भी घर पर मौजूद था। इसी दौरान तामेश्वर यादव नाम का 33 वर्षीय युवक युवती के घर में घुसा और उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। युवती ने विरोध किया और खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने जबरदस्ती करने की कोशिश जारी रखी। किसी तरह युवती ने साहस दिखाते हुए खुद को छुड़ाया और जोर से चिल्लाते हुए घर से बाहर भागी।
विज्ञापन
चीख-पुकार सुनकर आस-पास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और युवक को पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी तामेश्वर यादव को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी तामेश्वर युवती के पिता के साथ काम करता था और उसका घर आना-जाना लगा रहता था। उसने इसी पहचान का गलत फायदा उठाकर इस घिनौने अपराध को अंजाम देने की कोशिश की।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने अपने दर्द को इशारों में बयां किया, जिससे पूरा मोहल्ला स्तब्ध रह गया।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi


