भिलाई ब्रेकिंग : अधजली लाश का सनसनीखेज खुलासा: बेटी-दामाद निकले हत्यारे, पत्नी ने भी दिया साथ – फैमिली ड्रामे से खौफनाक मर्डर तक की पूरी कहानी...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ :भिलाई। रविवार सुबह पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र के पथर्रा गांव में खेत के पास अधजली हालत में एक शव मिलने से सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने जांच के बाद इस हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। मृतक की पहचान उसके हाथ पर बने टैटू से रॉकी लांजेवार, निवासी पावर हाउस, भिलाई के रूप में हुई। चौंकाने वाली बात यह रही कि हत्या करने वाला कोई बाहरी नहीं, बल्कि खुद उसका दामाद और बेटी निकले, और शव को जलाकर सबूत मिटाने में मृतक की पत्नी ने भी साथ दिया। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया है।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की प्रारंभिक जांच में पाया कि यह हत्या का मामला है। शव को जलाकर साक्ष्य मिटाने की कोशिश की गई थी। मृतक के सिर पर गहरी चोट के निशान थे। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) व 238 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी जितेन्द्र शुक्ला ने तुरंत आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के निर्देश दिए, जिसके बाद एक विशेष टीम का गठन किया गया।

टैटू बना शव की पहचान की कुंजी

विशेष टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की। मृतक की बांह पर बने टैटू के आधार पर उसकी पहचान की गई। पता चला कि वह रॉकी लांजेवार था, जो प्रोजेक्ट ऑटोमोबाइल के पास, पावर हाउस भिलाई का निवासी था। घटनास्थल के पास किसी भारी वाहन के निशान भी पाए गए। इसके बाद पुलिस ने 'त्रिनयन ऐप' की मदद से घटनास्थल के पास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया।

सीसीटीवी से मिली गाड़ी की जानकारी, फिर आरोपियों का सुराग मिला 

फुटेज की जांच में MH 40 BL 9629 नंबर की एक आयशर गाड़ी को संदिग्ध माना गया। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि इस गाड़ी को घटना की रात मृतक के दामाद दुल्यांश गजभिये चलाते देखा गया था। पुलिस ने दुल्यांश को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

नशे में गाली-गलौच से तंग आकर कर दी हत्या

पूछताछ में आरोपी दुल्यांश गजभिये ने बताया कि मृतक रॉकी लांजेवार उसका ससुर था और अक्सर शराब के नशे में उसे व उसकी पत्नी सृष्टि गजभिये को पुराने मामलों में समझौता करने की धमकी देता था। घटना वाले दिन भी रॉकी ने गाली-गलौच और धमकी दी, जिससे नाराज़ होकर दुल्यांश ने लोहे की रॉड से उसके सिर पर 3-4 वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पत्नी और सास के साथ मिलकर शव को जलाया

हत्या के बाद दुल्यांश केम्प 1 स्थित जलेबी चौक गया और अपनी सास मोहनी लांजेवार को घटनाक्रम बताया। फिर तीनों ने मिलकर शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई। उन्होंने शव को कपड़े, साड़ी और चटाई में लपेटा, मिट्टी तेल छिड़का और फिर आयशर वाहन (MH-40-BL-9629) से पथर्रा गांव के खेत में ले जाकर शव को आग के हवाले कर दिया।

पुलिस टीम की सक्रियता से सुलझा मामला

इस पूरे केस को सुलझाने में एसीसीयू से प्रधान आरक्षक सगीर खान, आरक्षक अजय गहलोत, राकेश अन्ना, राकेश चौधरी, भावेश पटेल, अमित सिंह, गुनीत निर्मलकर और पुरानी भिलाई थाना से उप निरीक्षक वर्मा की अहम भूमिका रही।


भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi