दुर्ग में अवैध शराब की बड़ी खेप पकड़ी गई, चालक अंधेरे में भाग निकला, कार में छिपाकर की जा रही थी तस्करी...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ :दुर्ग। धमधा थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब की बड़ी खेप बरामद की है। शराब को एक कार में छिपाकर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मौके से करीब 87,750 रुपये की गोवा अंग्रेजी शराब के साथ एक कार जब्त की है, जिसकी कीमत लगभग 5 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है, जबकि वाहन चालक मौके से अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 15-16 अप्रैल 2025 की रात डायल 112 को सूचना प्राप्त हुई थी कि एक संदिग्ध कार (नंबर CG04MD2018) ग्राम ठेलका की ओर जा रही है। गश्त पर निकली पुलिस टीम ने जब ठेलका चौक की ओर लाल-नीली बत्ती के साथ पुलिस वाहन को आगे बढ़ते देखा, तो वह संदिग्ध कार तुरंत दिशा बदलकर जालबांधा रोड की ओर मुड़ गई।

पुलिस के पीछा करने पर वह कार ग्राम मुड़पार बस्ती के अंदर चली गई, जहां वाहन नियंत्रण खो बैठी और एक मकान की दीवार से टकरा गई। पुलिस वाहन के नजदीक आते ही चालक मौका देखकर अंधेरे में भाग निकला।

जब कार की तलाशी ली गई तो उसमें 13 खाकी रंग के बॉक्स पाए गए, जिनमें प्रत्येक में 50-50 सीलबंद कांच की बोतलें भरी थीं। हर बोतल में 180 एमएल गोवा अंग्रेजी शराब थी, जो मध्यप्रदेश में निर्मित है। सभी बोतलों पर "FOR SALE IN MADHYA PRADESH ONLY" लिखा हुआ था और उन पर बारकोड भी लगा था। 

बोतलों पर अधिकतम खुदरा मूल्य 135 रुपये अंकित था। इस तरह कुल 117 बल्क लीटर गोवा शराब जिसकी बाजार कीमत 87,750 रुपये है, बरामद की गई। साथ ही वाहन (CG04MD2018) की कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है, जो क्षतिग्रस्त हालत में मिली। कुल जब्ती की कीमत लगभग 5,87,750 रुपये आंकी गई है।  

इस मामले में वाहन चालक के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के अंतर्गत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक युवराज साहू, सहायक उपनिरीक्षक नरेन्द्र सिंह राजपूत, आरक्षक अमित वर्मा, प्रशांत कुमार साहू, श्वेत साहू, जीतेन्द्र धीवर, विमल साहू और अरुण चौहान की सक्रिय भूमिका रही।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi