CG : दिल्ली से संचालित हो रहा था करोड़ों का ऑनलाइन आईपीएल सट्टा रैकेट: बलौदाबाजार पुलिस ने 10 अंतरराज्यीय आरोपियों को किया गिरफ्तार, लैपटॉप-मोबाइल-बैंक डिटेल्स समेत भारी सामान जब्त....

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : (छग) बलौदाबाजार। आईपीएल क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी का संचालन करने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ बलौदाबाजार पुलिस द्वारा किया गया है। इस कार्रवाई में करोड़ों रुपये के सट्टा लेन-देन का खुलासा हुआ है। पुलिस ने सट्टा संचालन में शामिल 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जो ऑनलाइन लॉगिन आईडी के जरिए क्रिकेट सट्टा चला रहे थे।

पुलिस टीम ने आरोपियों को दिल्ली से बलौदाबाजार लाकर पूछताछ की। जानकारी के अनुसार, भाटापारा के कुछ सट्टेबाज दिल्ली में बैठकर ऑनलाइन आईपीएल सट्टा का संचालन कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 08 लैपटॉप, 52 एंड्रॉइड मोबाइल, 01 इंटरनेट राउटर, 42 एटीएम कार्ड, 64 विभिन्न बैंक खातों से जुड़ी जानकारी, 22 अलग-अलग बैंकों की चेकबुक, 10 मोबाइल चार्जर, 03 इथर बॉक्स, 01 लैन केबल, 03 एक्सटेंशन केबल और 38,000 नकद बरामद किए हैं। साथ ही, दो पैनल/बुक के शाखा कार्यालय में कार्यरत अन्य व्यक्तियों पर भी कार्रवाई की गई है।

विज्ञापन

दिनांक 3 अप्रैल 2025 को भाटापारा शहर थाना पुलिस ने संत रविदास वार्ड में घेराबंदी कर ऑनलाइन मोबाइल ऐप के माध्यम से सट्टा खेलते दो व्यक्तियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी लॉगिन आईडी के माध्यम से आईपीएल मैचों पर दांव लगा रहे थे। मौके से दो मोबाइल जब्त किए गए। इसी दिन ग्राम सुहेला तिगड्डा क्षेत्र में भी ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा लगाने की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई की।

दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 एवं सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई। तकनीकी जांच में पता चला कि आरोपी विभिन्न ऑनलाइन सट्टा ऐप्स के जरिये लॉगिन आईडी से आईपीएल क्रिकेट मैचों पर सट्टा चला रहे थे।

विवेचना के दौरान यह जानकारी सामने आई कि सभी आरोपियों का मुख्य संचालन केंद्र नई दिल्ली में स्थित है, जहां से पूरे नेटवर्क का संचालन हो रहा था। इस सूचना के आधार पर भाटापारा थाना एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने नई दिल्ली में सटीक योजना बनाकर छापा मारा।

छापेमारी में 10 आरोपियों को इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसेज जैसे मोबाइल, लैपटॉप और टीवी के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा करते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। इस दौरान आरोपियों के कई बैंक खातों को जब्त किया गया, जिनकी जांच में करोड़ों रुपये के लेन-देन का खुलासा हुआ है।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी देश के विभिन्न हिस्सों में वितरित की गई लॉगिन आईडी के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क चला रहे थे। रेड की कार्रवाई के दौरान रायपुर, भाटापारा, राजनांदगांव, जांजगीर (छत्तीसगढ़) और रीवा (मध्यप्रदेश) से संबंधित कुल 10 लोगों की संलिप्तता सामने आई, जिन्हें हिरासत में लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों से कुल 08 लैपटॉप, 52 एंड्रॉइड मोबाइल, 01 इंटरनेट राउटर, 42 एटीएम कार्ड, 64 बैंक खातों की जानकारी, 22 बैंक चेकबुक, 10 मोबाइल चार्जर, 03 इथर बॉक्स, 01 लैन केबल, 03 एक्सटेंशन केबल और 38,000 नकद बरामद किए गए हैं। यह सट्टा नेटवर्क दिल्ली के दो अलग-अलग किराए के फ्लैट में संचालित किया जा रहा था, जहां से दोनों पैनल/बुक चलाए जा रहे थे। इस मामले में भारतीय दंड संहिता और अन्य संबंधित कानूनों की धाराएं भी आरोपियों पर लागू की गई हैं।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi