भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : (छग) गरियाबंद। जिले में केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित 12 प्रमुख स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी संचालन हेतु 50 अस्पतालों के कुल 168 चिकित्सा अधिकारियों एवं पैरा मेडिकल स्टाफ को विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य उन्हें राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों (National Quality Standards) के अनुरूप तैयार करना था।
जिले के कुल 200 अस्पतालों में से चुने गए इन 50 अस्पतालों में कार्यरत स्वास्थ्यकर्मियों को यूनिसेफ के स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. गजेन्द्र सिंह द्वारा प्रशिक्षित किया गया। प्रशिक्षण में योजना क्रियान्वयन, दस्तावेजीकरण की प्रक्रिया, लाभार्थियों के साथ संवाद, और योजनाओं को जरूरतमंदों तक प्रभावी रूप से पहुँचाने के तरीकों पर विस्तार से जानकारी दी गई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. गार्गी यदु ने बताया कि इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य यह है कि प्रत्येक स्वास्थ्य केंद्र पर आने वाले लाभार्थियों को सभी सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ गुणवत्तापूर्ण सेवाओं के साथ मिल सके। यूनिसेफ के सहयोग से आयोजित इस प्रशिक्षण को कलेक्टर श्री दीपक अग्रवाल के नेतृत्व में संपन्न किया गया।
यह भी बताया गया कि पिछले एक वर्ष में जिले के 9 स्वास्थ्य केंद्र राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों पर खरे उतरे हैं। जिला प्रशासन ने आगामी समय में और 50 स्वास्थ्य संस्थाओं को इस स्तर तक लाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने में सिविल सर्जन डॉ. टीसी पात्र, डीएचओ एलके जांगड़े, डॉ. योगेंद्र सिंह, शंकर लाल पटेल, अन्नू विश्वकर्मा, सृष्टि यदु और अक्षय तिवारी की विशेष भूमिका रही।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi


