CG : 500 रुपये का नोट दिखाकर 7 साल की मासूम से दुर्ग जैसी दरिंदगी की कोशिश , बच्ची की समझदारी ने बड़ा हादसा होने से बचाया...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : (छग) बिलासपुर के तोरवा थाना क्षेत्र में एक सात साल की मासूम बच्ची ने अपनी समझदारी और हिम्मत से बड़े खतरे को टाल दिया। एक युवक ने बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने की कोशिश की, लेकिन बच्ची ने सूझबूझ दिखाते हुए उसके चंगुल से खुद को सुरक्षित निकाल लिया। घटना के बाद बच्ची ने परिजनों को पूरी बात बताई, जिसके बाद गुस्साए परिजनों ने आरोपी की पिटाई कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया।

मामला तब सामने आया जब बच्ची अपने घर के बाहर खेल रही थी। आरोपी परमेश्वर पटेल ने उसे 500 रुपये का नोट दिखाकर लालच दिया और गलत इरादे से अपने साथ ले जाने की कोशिश की। बच्ची पहले तो उसके साथ चली, लेकिन रास्ते में उसने मौका देखकर आरोपी का हाथ छुड़ाया और दौड़कर अपने चाचा के पास पहुंच गई।

विज्ञापन 

डरी-सहमी बच्ची ने चाचा को पूरी घटना बताई। इसके बाद परिजनों ने मिलकर आरोपी को पकड़ा और उसकी जमकर धुनाई की। फिर उसे तोरवा थाने ले जाकर पुलिस को सौंप दिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। तोरवा थाना प्रभारी अभय सिंह बैस ने बच्ची की तारीफ करते हुए कहा कि उसकी समझदारी ने एक बड़ा हादसा होने से रोक दिया। उन्होंने माता-पिता से अपील की कि वे बच्चों को गुड टच और बैड टच के बारे में जरूर सिखाएं, ताकि वे ऐसी खतरनाक स्थितियों से खुद को बचा सकें।


भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi