CG : पूर्व BJP पार्षद को 5 साल की जेल: 2018 में जमीन सीमांकन के दौरान RI से मारपीट, पत्नी निगम में MIC सदस्य...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भारतीय जनता पार्टी के पूर्व पार्षद आकाश दुबे को कोर्ट ने पांच साल की सजा सुनाई है। यह मामला करीब सात साल पुराना है, जिसमें उन्होंने एक भूमि विवाद के चलते राजस्व निरीक्षक के साथ मारपीट की थी। इस केस में आरोपी के साथ ही एक अन्य व्यक्ति श्याम साहू को भी दोषी करार देते हुए सजा दी गई है।  

गौरतलब है कि आकाश दुबे की पत्नी सरिता दुबे वर्तमान में रायपुर नगर निगम में पार्षद होने के साथ-साथ मेयर इन काउंसिल (MIC) की सदस्य भी हैं।  

घटना की पूरी जानकारी  

यह घटना 29 अगस्त 2018 को रिंग रोड नंबर-1 क्षेत्र में हुई थी। उस दिन एक जमीन से जुड़ा विवाद सामने आया, जिस पर कार्रवाई करने राजस्व निरीक्षक राजेन्द्र चंद्राकर मौके पर पहुंचे थे। सीमांकन के समय आकाश दुबे ने RI से कहा कि यह काम रोका जाए, और इसी दौरान उन्होंने एक थप्पड़ मार दिया।  

विज्ञापन 

धमकी और मारपीट का आरोप 

इसके बाद आरोपी ने RI पर बेसबॉल बैट और घूंसे-थप्पड़ों से हमला किया। यही नहीं, उन्हें दंतेवाड़ा ट्रांसफर करवाने और जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। हमले में राजस्व निरीक्षक का हाथ टूट गया था। इस मामले में करीब 15 लोगों ने गवाही दी थी।  

7 साल की सुनवाई के बाद आया फैसला

करीब सात वर्षों तक कोर्ट में चली सुनवाई के दौरान आकाश दुबे ने खुद को निर्दोष बताया और केस को फर्जी करार देने की कोशिश की, मगर वे अपने पक्ष में कोई मजबूत साक्ष्य नहीं दे सके। अंततः रायपुर जिला अदालत के अपर सत्र न्यायाधीश ने शुक्रवार को फैसला सुनाते हुए आकाश दुबे और श्याम साहू को 5 साल की सश्रम कारावास और 5 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई।  

MIC मेंबर हैं आकाश की पत्नी

आकाश दुबे की पत्नी सरिता दुबे रायपुर के पं. सुंदरलाल शर्मा वार्ड-41 से पार्षद हैं। साथ ही वे महापौर मीनल चौबे की मेयर इन काउंसिल टीम में महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रभारी सदस्य के रूप में कार्यरत हैं।  

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi