भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। एक दलित युवक को गांव वालों ने निर्वस्त्र कर चौराहे पर बेरहमी से पीटा। घटना 9 अप्रैल की रात बड़े रबेली गांव की है, जब युवक अपनी प्रेमिका से मिलने पहुंचा था। यह मामला मालखरौदा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। ग्रामीणों ने युवक को पकड़कर पहले रातभर पीटा और फिर अगली सुबह उसे गांव के चौराहे पर नग्न अवस्था में लाकर फिर से मारपीट की। इस दौरान युवक पानी के लिए तरसता रहा, लेकिन किसी ने उसकी मदद नहीं की।
भीड़ के सामने होता रहा अत्याचार, किसी ने नहीं रोका
पीड़ित युवक देवगांव का निवासी है। ग्रामीणों और परिजनों ने ही मिलकर रातभर उसे प्रताड़ित किया। जब कुछ लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की तो उन्हें वहां से हटा दिया गया। चौराहे पर मौजूद गांव के ज्यादातर लोग मूकदर्शक बने रहे। इस अमानवीय घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें युवक की हालत बेहद गंभीर नजर आ रही है।
विज्ञापन
शरीर पर गंभीर चोटें, रायगढ़ मेडिकल कॉलेज में भर्ती
युवक के सिर, आंख और शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोटें आई हैं। उसे तत्काल रायगढ़ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार, युवक का एक नाबालिग लड़की से प्रेम संबंध है और उसी से मिलने वह उस रात गांव पहुंचा था। तभी कुछ ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी।
पुलिस को मिली जानकारी, बयान के आधार पर होगी कार्रवाई
सक्ती के एसडीओपी मनीष कुंवर ने बताया कि उन्हें इस घटना की सूचना मीडिया के माध्यम से मिली है। पीड़ित का बयान दर्ज किया जाएगा और उसके आधार पर कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आगे की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi


