CG ब्रेकिंग : महिला नगर सैनिक की हत्या से मचा हड़कंप: आदिवासी समाज ने सीबीआई जांच की उठाई मांग..

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : (छग) गरियाबंद। नगर सैनिक के रूप में तैनात एक महिला की रहस्यमयी मौत का मामला अब गरमा गया है। इस घटना में निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर आदिवासी विकास परिषद ने आज राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन कलेक्टोरेट में सौंपा। इस मौके पर मृतका के परिजनों के साथ समाज के कई प्रमुख सदस्य भी मौजूद रहे।

ज्ञापन के माध्यम से परिषद ने इस दुखद घटना की केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से जांच कराए जाने की पुरज़ोर मांग की। साथ ही, मृत महिला के पिता एवं अन्य परिजनों ने समाज के समक्ष अपनी पीड़ा व्यक्त की। परिषद की महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष लोकेश्वरी नेताम, जिला पंचायत सदस्य संजय नेताम, सरपंच संघ के अध्यक्ष पन्ना लाल ध्रुव के नेतृत्व में दर्जनों सामाजिक कार्यकर्ता और मृतका के परिजन कलेक्टोरेट पहुंचे।

विज्ञापन 

ज्ञापन सौंपने से पहले मृतका के पिता शंकर ध्रुव ने अपनी बेटी के साथ हुए अत्याचार की दास्तां समाज के साथ साझा की, जिसे सुनकर उपस्थित सभी लोग भावुक हो गए। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी नगर सैनिक की यूनिट में सबसे साहसी मानी जाती थी और यह कल्पना भी नहीं की जा सकती कि उसके दामाद ने अकेले उसकी हत्या की हो।  

परिजनों का आरोप है कि गरियाबंद स्थित कस्तूरबा विद्यालय में छात्राओं के साथ हो रही अनियमितताओं और अमानवीय व्यवहार के चलते आरोपी दामाद को उकसाया गया और मृतका को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया।  

ज्ञापन में समाज ने प्रशासन पर सिर्फ औपचारिकता निभाने का आरोप लगाया और तत्कालीन छात्रावास अधीक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही यह भी मांग रखी गई कि जिम्मेदार जिला अधिकारी यानी डीएमसी को तत्काल हटाया जाए और हॉस्टल में हुई जांच की पूरी रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए।

परिषद ने यह भी स्पष्ट किया कि मृतका पर लगाए गए चरित्र हनन के आरोपों की गहराई से जांच होनी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके कि क्या यह हत्या अकेले आरोपी सोहन साहू ने की या फिर छात्रावास के अन्य लोग भी इसमें शामिल थे।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi