भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले स्थित जिंदल पावर लिमिटेड की कोल माइंस में एक जोरदार विस्फोट हुआ, जिसमें एक मजदूर की घटनास्थल पर मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, काम के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई थी, जिससे यह हादसा हुआ। यह घटना तमनार थाना क्षेत्र में स्थित गारे पेलमा 4/3 और 4/4 माइंस में हुई।
ओडिशा से आया था मृतक मजदूर, दोनों घायलों की हालत गंभीर
हादसे में जान गंवाने वाले मजदूर की पहचान आयुष बिश्नोई (24 वर्ष) के रूप में हुई है, जो ओडिशा से काम की तलाश में रायगढ़ आया था। गंभीर रूप से घायल मजदूरों में चंद्रपाल राठिया (38), जो ग्राम कोसमपाली का निवासी है, और अरुण लाल (43), जो ग्राम झरना से हैं, शामिल हैं। दोनों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
विज्ञापन
अधिक जानकारी के लिए यहाँ क्लिक करे
तेज धमाके की गूंज दूर-दूर तक सुनाई दी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खदान में ब्लास्टिंग का कार्य चल रहा था और उस समय वहां करीब 14 से 15 मजदूर मौजूद थे। धमाका इतना तेज था कि उसकी आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। मजदूरों ने बताया कि घटना के तुरंत बाद प्रबंधन को सूचित किया गया, लेकिन तब तक एक मजदूर की जान जा चुकी थी और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो चुके थे।
विज्ञापन
घायलों को ICU में भर्ती किया गया
घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सबसे पहले सावित्री नगर स्थित फोर्टिस हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायगढ़ फोर्टिस अस्पताल रेफर किया गया। दोनों घायलों को ICU में भर्ती किया गया है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस जांच में जुटी, शव को भेजा गया पोस्टमॉर्टम के लिए
पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और घायलों के शरीर पर कई जगह गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और इसकी जिम्मेदारी किसकी है। पुलिस की टीम इस पूरे मामले की जांच कर रही है। दूसरी ओर, घटना को लेकर अब तक कंपनी प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi



