भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के मैनपाट थाना क्षेत्र के केसरा गांव से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। एक व्यक्ति ने पत्नी के चरित्र पर संदेह करते हुए उसकी और एक अन्य ग्रामीण की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने दोनों पर धारदार टंगिया से हमला किया, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। दोहरी हत्या की इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
घटना शुक्रवार की है, जब केसरा गांव निवासी 40 वर्षीय मनोज मांझी जंगल से लकड़ी काटकर वापस अपने घर लौटा। घर आते ही उसने देखा कि उसकी पत्नी फूलकुंवर (35) गांव के ही निवासी लक्ष्मण मांझी (55) के साथ बातचीत कर रही थी। यह दृश्य देखकर मनोज गुस्से में आगबबूला हो गया और आवेश में आकर उसने पास पड़ी टंगिया उठाकर दोनों पर ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया।
विज्ञापन
इस खौफनाक हमले में फूलकुंवर और लक्ष्मण मांझी की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक लक्ष्मण, आरोपी मनोज की पहली पत्नी का चाचा बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, मनोज की पहली पत्नी की मृत्यु तीन साल पहले हो चुकी थी, जिसके बाद उसने फूलकुंवर से दूसरी शादी की थी।
घटना की खबर मिलते ही कमलेश्वरपुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आरोपी मनोज मांझी को वहीं से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। सीतापुर एसडीओपी राजेंद्र मंडावी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में लेकर अंबिकापुर सेंट्रल जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवा कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/IOVoH6eNnBa5TB0nClVjXi


